New LPG Cylinder: बेहद हल्का और किफायती है नया एलपीजी सिलेंडर, जानें- कीमत और अन्य विशेषताएं
New LPG Cylinder कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लोहे के गैस सिलेंडरों के वजन की तुलना में काफी कम वजन का है और इनमें गैस की मात्रा का भी पता लगता रहेगा। आधुनिक रसोई के लिए यह सिलेंडर एकदम उपयुक्त है। घरेलू वर्तमान सिलेंडर की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत हल्का है।
लखनऊ, जेएनएन। अब भारी-भरकम रसोई गैस सिलेंडर से राहत मिलने जा रही है। हल्के, किफायती और बेहतर सुविधा देने वाला कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लांच हो गया है। कम वजन के और देखने में आकर्षक कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर इंडियन आयल कारपोरेशन ने जारी किया है। यह रसोई गैस सिलेंडर फिलहाल देश के 28 शहरों में मिल रहा है। धीरे-धीरे उपलब्धता के आधार पर अन्य शहरों में भी लोगों को उपलब्ध हो सकेगा। करीब 15 किलोग्राम वजन के इन एलपीजी गैस सिलेंडरों से बुजुर्गों और कमजोर महिलाओं को राहत मिलेगी।
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने पिछले दिनों मथुरा जिले के वृंदावन में इंडियन आयल कारपोरेशन के सहयोग से उज्जवला-2 योजना के लाभार्थी महिलाओं को कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर वितरित किया। कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लोहे के गैस सिलेंडरों के वजन की तुलना में काफी कम वजन का है और इनमें गैस की मात्रा का भी पता लगता रहेगा। आधुनिक रसोई के लिए यह सिलेंडर एकदम उपयुक्त है। यह घरेलू वर्तमान सिलेंडर की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत हल्का है। इस प्रकार गृहिणियों द्वारा इसका प्रयोग आसान होगा। खाली कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर का वजन पांच किलोग्राम और भरे सिलेंडर का 15 किलोग्राम है। बता दें कि पुराने घरेलू खाली सिलेंडर का वजन 14 से 15 किलोग्राम होता है और गैस भरने के बाद करीब 31 किलोग्राम हो जाता है।
किसी तेल कंपनी ने पहली बार कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लांच किया गया है। यह पुराने घरेलू एलपीजी सिलेंडर से वजन में आधा और खूबसूरत है। ये सिलेंडर पारदर्शी प्रकृति के हैं, जिससे ग्राहकों के लिए एलपीजी के स्तर को देखना आसान होगा। यानी आपको सीधे पता चल जाएगा कि इसमें कितनी गैस बची है। ये सिलेंडर पूर्ण रूप से जंग रोधी हैं। सबसे खास बात है कि इस सिलेंडर में धमाका नहीं होगा यानी यह ब्लास्ट नहीं करेगा। आग लगने की दशा में यह सिलेंडर पिघल जाएगा।
कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर की कीमत प्रति किलोग्राम बाजार मूल्य के अनुसार ही तय होगी। हालांकि इसमें सामान्य सिलेंडर से चार किलो कम गैस आएगी। यानी इसके अंदर सिर्फ 10 किलो गैस आएगी। यह सिलेंडर 10 किलो और पांच किलो के रूप में मिलेगा। कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने के लिए ग्राहकों को 10 किलो के लिए 3350 रुपये और पांच किलो के सिलेंडर के लिए 2150 रुपये की सुरक्षा देनी होगी। कंपनी ने इन सिलेंडरों को प्रमोट करने के पुराने सिलेंडरों से एक्चेंज आफर भी रहा है। यानी आप अपने पुराने सिलेंडर के बदले नए कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ले सकेंगे।