Move to Jagran APP

अब बदले जाएंगे फैजाबाद और इलाहाबाद मंडलों के नाम

इलाहाबाद का प्रयागराज और फैजाबाद का नामकरण अयोध्या करने के मुख्यमंत्री योगी के एलान के बाद अब सूबे के इन जिलों से जुड़े मंडलों के नाम बदले जाएंगे।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sat, 10 Nov 2018 11:08 PM (IST)Updated: Sat, 10 Nov 2018 11:08 PM (IST)
अब बदले जाएंगे फैजाबाद और इलाहाबाद मंडलों के नाम
अब बदले जाएंगे फैजाबाद और इलाहाबाद मंडलों के नाम

लखनऊ (जेएनएन)। इलाहाबाद जिले का नाम बदल कर प्रयागराज किए जाने की अधिसूचना जारी होने और फैजाबाद का नामकरण अयोध्या करने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एलान के बाद अब सूबे के इन दो जिलों से जुड़े मंडलों के नाम भी बदले जाएंगे। जहां जिले की तर्ज पर इलाहाबाद मंडल का नाम बदल कर प्रयागराज करने के लिए कवायद शुरू हो गई है, वहीं फैजाबाद जिला और मंडल के नए नामकरण के लिए प्रस्ताव का इंतजार है। 

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 अक्टूबर को इलाहबाद में हुई कुंभ मार्गदर्शक मंडल की बैठक में इलाहाबाद जिले का नाम बदल कर प्रयागराज करने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा के बाद कैबिनेट ने इलाहाबाद जिले का नाम प्रयागराज करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने में देर नहीं लगाई। कैबिनेट के इस फैसले के बाद राजस्व विभाग ने तत्परता दिखाते हुए इलाहाबाद का नामकरण प्रयागराज करने के बारे में अधिसूचना जारी कर दी। इलाहाबाद जिला ही इलाहाबाद मंडल का मुख्यालय भी है। लिहाजा अब जिले की तर्ज पर इलाहाबाद मंडल का नामकरण प्रयागराज करने के लिए कवायद शुरू हो गई है। मंडलायुक्त इलाहाबाद आशीष कुमार गोयल ने इलाहाबाद मंडल का नाम बदल कर प्रयागराज करने का प्रस्ताव राजस्व परिषद को भेजा है। राजस्व परिषद अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने इस प्रस्ताव को शासन को संस्तुत कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि अगली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाई जा सकती है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान फैजाबाद जिले का नाम बदल कर अयोध्या करने का एलान किया था। फैजाबाद जिला के साथ मंडल मुख्यालय भी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इलाहाबाद प्रकरण से सीख लेते हुए फैजाबाद जिला और मंडल का नाम अयोध्या करने की कवायद एक साथ होगी। सूत्रों के मुताबिक, फैजाबाद जिले और मंडल का नाम बदलकर अयोध्या करने का प्रस्ताव सोमवार को राजस्व परिषद को प्राप्त हो सकता है। यदि ऐसा हुआ तो कैबिनेट की अगली बैठक में इस प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.