मेरा परिवार-भाजपा परिवार अभियानः योगी ने लखनऊ में दलित कार्यकर्ता के घर फहराया झंडा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के एक दलित कार्यकर्ता अभिषेक दीवान के घर जाकर पार्टी का झंडा फहराया और स्टीकर लगाए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को दिन भर के सियासी उतार-चढ़ाव के बीच भाजपा ने मेरा परिवार-भाजपा परिवार अभियान की शुरुआत कर दी। इस अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारियों, सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों ने अपने-अपने घरों पर भाजपा का झंडा फहराया और स्टीकर लगाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के एक दलित कार्यकर्ता अभिषेक दीवान के घर जाकर पार्टी का झंडा फहराया और स्टीकर लगाए।
ऐसी रहीं सपा-कांग्रेस और भाजपा की गतिविधियां
प्रयागराज जाने से रोके जाने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के समर्थकों में उबाल था और उनका गुस्सा सदन से लेकर सड़क तक दिख रहा था। दूसरी तरफ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राजधानी में लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के लिए संभावनाएं तलाश रही थीं। विपक्ष की इस घेराबंदी से आगे भाजपा पूरे सूबे को भगवामय बनाने के अभियान पर थी। योगी यहां डालीगंज स्थित मोहनमीकिंस की वाल्मीकि कालोनी में भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक दीवान के घर पहुंचे।
सहभोज और समरसता भोज
योगी पहले से ही दलितों के बीच सहभोज और समरसता भोज करते आ रहे योगी का वाल्मीकि परिवार में हृदय से स्वागत हुआ। वह करीब बीस मिनट रुके। जनसंघ के जमाने से ही भगवामय इस परिवार में अभिषेक के पिता राम नरेंद्र दीवान, मां निर्मला दीवान, भाई देवेंद्र और बहन श्वेता व सोनम और परिवार के ही करन दीवान के साथ बातचीत की। उनका हौसला बढ़ाया। अभिषेक के छोटे से भतीजे ने भी योगी से बातचीत की। योगी ने इस परिवार में चाय पी और भाजपा का झंडा बुलंद रखने की अपेक्षा की। अभिषेक ने कहा कि मेरे बड़े पिता जनसंघ के जमाने से सक्रिय रहे हैं। बहुत ही बेहतर अनुभूति हुई और योगी जी का घर आना बड़ा अच्छा लगा।
झंडा फहराया और स्टीकर चिपकाया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने न्यू हैदराबाद स्थित अपने आवास, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भाजपा मुख्यालय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज स्थित अपने आवास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने गोमतीनगर, कृषि सूर्य प्रताप शाही और श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने विपुल खंड स्थित अपने आवास, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने चौक स्थित आवास, कानून मंत्री बृजेश पाठक महानगर स्थित आवास, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विश्वास खंड, स्वाती सिंह आशियाना, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर व दयाशंकर सिंह लखनऊ, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक दैनिक जागरण चौराहा के निकट स्थित आवास, गोविंद नारायण शुक्ल गोमतीनगर और पंकज सिंह ने विपुल खंड में अपने-अपने घरों पर मेरा परिवार-भाजपा परिवार अभियान के तहत पार्टी का झंडा फहराया और दरवाजे पर स्टीकर चिपकाया।