राम मंदिर निर्माण को मुसलमानों ने भी समर्पित की निधि, अयोध्या और बाराबंकी में दिखी गंगा जमुनी एकता
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए चलाया जा रहा निधि समर्पण अभियान गति पकड़ रहा है। इसमें हिंदू ही नहीं मुस्लिम समाज के लोग भी सहभागी बन रहे हैं। बाराबंकी व अयोध्या में भी मुसलमानों ने निधि समर्तित कर इसी तरह का उदाहरण प्रस्तुत किया।
लखनऊ, जेएनएन। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए चलाया जा रहा निधि समर्पण अभियान गति पकड़ रहा है। इसमें हिंदू ही नहीं मुस्लिम समाज के लोग भी सहभागी बन रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने चंदा दिया। वहीं बाराबंकी में भी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता राजा कासिम ने रविवार को चार हजार एक सौ रुपये की निधि नगर अभियान प्रमुख संतोष सिंह को पीर बटावन मुहल्ले में सौंपी।
अयोध्या में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने बताया कि हम हिंदुस्तान से हैं। हम एक अलग धर्म से ताल्लुक रख सकते हैं लेकिन हम तुर्की से नहीं आए हैं। हमारे पूर्वज इस जमीन से जुड़े हैं और हमारे हिंदू भाइयों के साथ सामंजस्य है। वहीं बाराबंकी में राजा कासिम ने बताया कि एक लाख 24 हजार पैगंबर आए। श्रीराम उनमें 70 हजार 59 वें पैगंबर हिंद हैं। इसलिए हम सभी इस नेक कार्य में सहयोग कर रहे हैं और अन्य लोगों को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस धनराशि में फराज हुसैन और फजल हुसैन ने भी अंशदान किया है।
इस मौके पर बृजेश कुमार और दिनकर राय भी मौजूद रहे।
उधर, सुबेहा के सरॉय चंदेल गांव में अवधेश सिंह चंदेल ने एक लाख ग्यारह हजार और भिखरा के नीरज सिंह ने इक्यावन हजार की निधि भेंट की। इस मौके क्षेत्रीय विधायक बैजनाथ रावत, संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख नरेंद्र, जिला कार्यवाह रामसनेहीघाट इंद्रपाल, खंड कार्यवाह देवेंद्र, रन बहादुर सिहं (राना), विवेक मिश्र, हनुमान द्विवेदी, आशीष सिंह मौजूद रहे।