मुलायम, लालू व अखिलेश यादव एक थाली के चट्टे-बट्टे : संपत पाल
महिला उत्पीडऩ के खिलाफ आवाज बुलंद कर विख्यात हुई गुलाबी गैंग गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संपत पाल ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव तथा राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया है।
लखनऊ। महिला उत्पीडऩ के खिलाफ आवाज बुलंद कर विख्यात हुई गुलाबी गैंग गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संपत पाल ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव तथा राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया है।
संपत पाल आज इलाहाबाद में थीं। संपत पाल ने कहा कि इन तीनों के मन में महिलाओं के प्रति जरा भी सम्मान नहीं है। मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री जैसे पदों पर रह चुके मुलायम सिंह यादव यदि यह कह सकते हैं कि एक महिला के साथ चार लोग रेप नहीं कर सकते, तो उनकी मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के परिवार के किसी भी व्यक्ति को बोलने का तरीका नहीं आता है। कब और कहां क्या बोलना है, यह किसी को भी नहीं पता है।
उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। गुंडाराज से लोग परेशान हैं। वह प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ती हिंसा के खिलाफ आंदोलन करेगी। संपत पाल अपने संगठन की कार्यकर्ताओं के साथ इलाहाबाद में तैनात कस्टम विभाग के अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए पहुंची थीं। अधिकारी पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को छोड़ दिया है। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन से पहले उन्हें रास्ते में ही हिन्दू हास्टल चौराहे पर रोक लिया गया और आजाद पार्क ले जाया गया, जहां एडीएम सिटी ने उनसे ज्ञापन लिया। संपत पाल ने कहा कि कस्टम अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जेल भेजा जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह अगले हफ्ते फिर प्रदर्शन करेंगी।