Mukhtar Ansari: मऊ से गिरफ्तार मुख्तार का गुर्गा भेजा गया जेल, रोपड़ से बाराबंकी पहुंची बाहुबली की रहस्यमय एंबुलेंस
Mukhtar Ansari News यूपी के बाहुबली मुख्तार अंसारी की बाराबंकी में पंजीकृत बहुचर्चित एंबुलेंस लाई गई चालक की तलाश। मऊ से गिरफ्तार किए गए मुख्तार का गुर्गा न्यायालय से जेल रवाना। अभी पड़ताल पूरी करने के लिए सीओ नवीन सिंह अभी पंजाब में रुके।
बाराबंकी, जेएनएन। Mukhtar Ansari News: उत्तर प्रदेश के बाहुबली मुख्तार अंसारी की एआरटीओ बाराबंकी में पंजीकृत बहुचर्चित एंबुलेंस आखिरकार पुलिस बाराबंकी ले आई है। अब पुलिस एंबुलेंस चालक का पता लगाने में जुटी है। उधर, मऊ से गिरफ्तार किए गए मुख्तार के गुर्गे को जेल रवाना कर दिया गया है। पंजाब से यह एंबुलेंस लेकर मंगलवार सुबह टीम पुलिस लाइंस पहुंची। एसपी यमुना प्रसाद ने बरामद एंबुलेंस का तकनीकी मुआयना के निर्देश दिए हैं। पड़ताल पूरी करने के लिए सीओ नवीन सिंह अभी पंजाब में रुके हैं।
बाहुबली मुख्तार अंसारी जिस एंबुलेंस का प्रयोग कर रहा था वह फर्जी दस्तावेज के आधार पर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) बाराबंकी में पंजीकृत कराई गई थी। इस राज से पर्दा उठने पर एक अप्रैल को कोतवाली नगर में मऊ स्थित श्याम संजीवनी हास्पिटल की संचालिका डा. अलका राय के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा कराया गया था। केस प्रापर्टी के रूप में एंबुलेंस लाने के लिए दो अप्रैल को सीओ हैदरगढ़ नवीन सिंह के नेतृत्व में टीम पंजाब रवाना हुई थी। उधर, एक टीम मऊ भेजी गई थी। पंजाब में बाराबंकी पुलिस को यह एंबुलेंस सड़क किनारे लावारिस खड़ी मिली थी। चेसिस नंबर से मिलान और वही एंबुलेंस होने की पुष्टि के बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर एंबुलेंस बाराबंकी पुलिस के हस्तांरित कर दी गई। इसके बाद मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे टीम उसे लेकर बाराबंकी पहुंची।
मुख्तार का गुर्गा जेल भेजा गया: उधर, मऊ से गिरफ्तार कर लाए गए मऊ के ही अहिरौली थाना के सराय लखंसी के राजनाथ यादव को कोतवाल पंकज सिंह ने मंगलवार सुबह ही चिकित्सकीय परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल रवाना कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के मुताबिक, एंबुलेंस पंजाब से आ गई है और यह बुलेट प्रूफ नहीं है। तकनीकी मुआयना कराया जा रहा है। यह एंबुलेंस कौन चला रहा था इसका भी पता किया जा रहा है। मऊ से गिरफ्तार किए गए राजनाथ को जेल भेजा गया है।