बहराइच: बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ी मां, 10 मिनट तक चला संघर्ष
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज स्थित रमपुरवा क्षेत्र में तेंदुए ने बच्ची पर हमला किया महिला ने बेटी को बचाने के लिए किया संघर्ष।
बहराइच, जेएनएन। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज स्थित रमपुरवा बनकटी में तेंदुए ने घर में बैठी बालिका पर हमला कर दिया। बेटी को जबड़े में देख मां तेंदुए से भिड़ गई। 10 मिनट तक संघर्ष कर वह शोर मचाती रही। चीख-पुकार पर ग्रामीण एकत्र हुए। लोगों के हांका लगाने पर तेंदुआ जंगल में भाग गया।
बुधवार को सायंकाल सायंकाल साढ़े सात बजे कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के रमपुरवा बनकटी गांव निवासी चार वर्षीय किरन घर में बैठी थी। दबे पांव तेंदुआ घर में दाखिल हुआ और मासूम को दबोच लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पास में मौजूद मां विमला मौके पर पहुंची तो बेटी को तेंदुए के जबड़े में देखकर हतप्रभ रह गई। बिना समय गवाएं विमला तेंदुए से भिड़ गई। तेंदुए से संघर्ष कर वह बेटी को छुड़ाने की जिद्दोजहद करती रही।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने हांका लगाना शुरू किया। इसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए के हमले में घायल बालिका को उपचार के लिए सीएचसी सुजौली में भर्ती कराया गया है। बालिका के गर्दन पर काफी चोट आई है। घटना की सूचना विभाग के अधिकारियों को दी गई है।