KGMU में बच्चे का इलाज कराने आई महिला से छेड़खानी, लगातार दूसरी घटना
लखनऊ केजीएमयू के गांधी वार्ड के पास महिला से गार्ड ने की छेड़खानी। बच्ची का इलाज कराने पहुंची थी पीड़िता।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की नर्स से ट्रॉमा सेंटर में दुष्कर्म की कोशिश का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि गांधी वार्ड के पास एक और महिला से वहीं के गार्ड ने छेड़खानी कर दी। विरोध पर वह महिला को जान से मारने की धमकी देने लगा। तभी महिला ने अपने पति को फोन कर दिया, पति के पहुंचने से पहले ही गार्ड भाग निकला।
इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह ने बताया कि आरोपित गार्ड जाहिद के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। हजरतगंज निवासी एक महिला के तीन वर्षीय बच्चे की पिछले कई दिनों से तबीयत खराब चल रही है। शनिवार को महिला अपने पति के साथ बच्चे को दिखाने केजीएमयू आई थी। महिला का पति बच्चे को लेकर ट्रॉमा सेंटर की ओर जरूरी जांच कराने गया था। महिला गांधी वार्ड के पास खड़ी थी। तभी गार्ड जाहिद वहां पहुंचा और महिला को अकेला देख छेड़खानी शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर धमकी देने लगा।
बता दें, बीते दिन केजीएमयू की नर्स ने पुरुष वार्ड इंचार्ज पर अश्लीलता और दुष्कर्म करने की कोशिश की शिकायत की। लिहाजा, कुलसचिव ने कर्मचारी को निलंबित कर दिया। साथ ही विशाखा कमेटी को जांच सौंप दी।