यूपी में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए मोहल्ला निगरानी समितियां करेंगी प्रवासियों की ट्रेसिंग
उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि प्रदेश भर में सक्रिय मोहल्ला निगरानी समितियां मोहल्ले में आने वाले प्रवासियों को चिह्नित करें। इससे कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने में मदद मिलेगी। कहा कि निगरानी समिति को जागरूकता के लिए सारी सामग्री दी जाए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को तीसरी वर्चुअल बैठक नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारियों के साथ की। आशुतोष टंडन ने कहा कि प्रदेश भर में सक्रिय मोहल्ला निगरानी समितियां मोहल्ले में आने वाले प्रवासियों को चिह्नित करें। इससे कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने में मदद मिलेगी। मंत्री ने निर्देशित किया कि मोहल्ला निगरानी समिति को कोविड 19 के प्रति जागरूकता के लिए सारी सामग्री दी जाए।
उत्तर प्रदेश के समस्त स्थानीय निकायों में कुल 12016 निगरानी समितियां गठित की गईं हैं। इनके जरिए प्रवासियों को चिह्नित किया जा रहा है। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि स्वच्छता कर्मी या फ्रंटलाइन वर्कर के कोरोना संक्रमित होने पर उसका व उसके परिवार विशेष तौर पर ध्यान देते हुए उपचार करवाया जाए। साथ ही उन्हें सुरक्षा किट ग्लब्ज, पीपीइ किट, सैनिटाइजर आदि दिया जाए। उनका वैक्सीनेशन किया जाए। कोरोना के प्रति जागरूकता के लिए पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम का प्रयोग किया जाए।
वीकेंड कर्फ्यू में क्षेत्रों में व्यापक सैनिटाइजेशन हो : नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि वार्डों में नगर पालिका परिषदों के द्वार जो सैनिटाइजेशन का कार्य हो रहा है। उसे एक अभियान के तौर पर किया जाए और प्रतिदिन दिन में तीन बार किया जाये। साथ ही सभी वार्डों का रोस्टर बनाकर सैनिटाइजेशन किया जाए। बड़े बजारों व प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन किया जाए। इसके अलावा वीकेंड कर्फ्यू में क्षेत्रों में व्यापक सैनिटाइजेशन व स्वच्छता अभियान चलाया जाए। वहीं कंटेनमेंट जोन से निकलने वाले वेस्ट का सही तरीके से निस्तारण किया जाये।
शुद्ध पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त हो : नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने ग्रीष्म ऋतु से पहले शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाने के निर्देश दिए। ग्रीष्म ऋतु से पहले नालों की सिल्ट साफ की जाये। वार्डों में घर घर कूड़ा उठाने का अभियान चलाया जाए। इसके साथ साथ सैनिटाइजेशन किया जाए। सैनिटाइजेशन में सोडियम हाइपोक्लोराइड की मात्रा मानक के अनुरूप रखी जाये।
वार्डों को दो भागों में बांटकर हो सैनिटाइजेशन : नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि वार्डों में जो सैनिटाइजेशन का कार्य हो रहा है उसे एक अभियान के तौर पर किया जाए और प्रतिदिन दिन में तीन बार किया जाए। साथ ही सभी वार्डों का रोस्टर बनाकर सैनिटाइजेशन किया जाए। बड़े बाजारों व प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाया जाए। वीकेंड कर्फ्यू में क्षेत्रों में व्यापक सैनिटाइजेशन व स्वच्छता अभियान चलाया जाए। बैठक में सात मंडल में लखनऊ, मेरठ, मीरजापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, वाराणसी की 79 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष एवं आधिशासी अधिकारी जुड़े थे। मंत्री इससे पहले 124 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष एवं आधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं।