MLA के गनर ने रिक्शा चालक को सरेआम पीटा, सोशल मीडिया पर Video वायरल
लखनऊ लोगों ने रिक्शा चालक का वीडियो बना लिया। वीडियो में रिक्शा चालक घायल अवस्था में सड़क पर दर्द से कराहता दिख रहा है।
लखनऊ, जेएनएन। सोशल मीडिया पर सोमवार रात हजरतगंज इलाके का एक वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में एक रिक्शा चालक लहूलुहान पड़ा दिख रहा है। आरोप है कि रिक्शा चालक पर पिछली सरकार के एक विधायक के गनर धर्मेंद्र कुमार ने मामूली बात पर हमला बोल दिया। हमले में रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने रिक्शा चालक का वीडियो बना लिया। वीडियो में रिक्शा चालक घायल अवस्था में सड़क पर दर्द से कराहता दिख रहा है। वीडियो बनाने वाले ने सोशल मीडिया पर गनर का पीएनओ नंबर 192635295 भी वायरल किया है। बताया गया कि हमलावरों ने हॉकी से रिक्शा चालक पर हमला बोला था। इस दौरान विधायक भी गाड़ी में मौजूद थे। पीड़ित का रिक्शा विधायक की गाड़ी से टकरा गया था, जिसके बाद आरोपित नाराज हो गए थे। इस मामले में जब इंस्पेक्टर हजरतगंज संतोष कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने जानकारी से इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि इस प्रकरण की सूचना किसी ने थाने में भी नहीं दी है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
दहेज हत्या में पति व ससुर गिरफ्तार
सआदतगंज थाने की पुलिस ने शमा परवीन (32) की दहेज हत्या के मामले में उसके पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में महिला का पति शाहनवाज हुसैन व ससुर अब्दुल सलाम है।
ट्रेन से काटकर बुजुर्ग की मौत
बंथरा के हरौनी स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की शिनाख्त हरौनी निवासी छोटेलाल (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
छह महीने से फरार गैंगेस्टर समेत दो गिरफ्तार
गुडंबा थाने की पुलिस ने छह महीने से फरार गैंगेस्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया गैंगेस्टर सीतापुर निवासी रवि कुमार है। उसके खिलाफ 14 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वहीं महानगर पुलिस ने गैंगेस्टर अफसर अली को गिरफ्तार किया है।
दो लुटेरे गिरफ्तार
पीजीआइ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लुटेरों में आशीष यादव व अंकुर पाल हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, 4200 रुपये, मोबाइल फ़ोन समेत लूट का अन्य सामान बरामद किया है।
गांजा तस्कर गिरफ्तार
सरोजनीनगर पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर ठाकुरगंज निवासी सुधीर यादव है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। अभियुक्त लंबे समय से गांजा की तस्करी करता है।