Move to Jagran APP

Bharat Bandh: UP में मिला जुला असर, फूंका गया पीएम मोदी का पुतला

इलाहाबाद में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ बुलाये गए भारत बंद को लेकर खुल्दाबाद चौराहे प्रदर्शन किया। मथुरा में विरोध में रालोद भी सड़कों पर उतर आया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 10 Sep 2018 12:55 PM (IST)Updated: Mon, 10 Sep 2018 08:33 PM (IST)
Bharat Bandh: UP में मिला जुला असर, फूंका गया पीएम मोदी का पुतला
Bharat Bandh: UP में मिला जुला असर, फूंका गया पीएम मोदी का पुतला

लखनऊ (जेएनएन)। महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के विरोध में विपक्ष के आह्वान पर प्रदेश में सोमवार को भारत बंद का मिलाजुला असर दिखा। कई जिलों में कांग्रेस व सपा के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर दुकानें बंद करार्ईं तो अनेक स्थानों पर स्वत: दुकानें बंद रहीं। गोंडा में महिलाओं ने चूल्हे पर खाना पकाकर तो वाराणसी में फूल देकर विरोध जताया। बलिया में बैलगाड़ी और मथुरा में भैंसागाड़ी पर सवार होकर जमकर नारे लगाए गए। लखनऊ में जबरदस्ती दुकानें बंद कराने को लेकर कारोबारियों और प्रदर्शनकारियों में कहासुनी हुई। फीरोजाबाद में प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से झड़प हुई। बुलंदशहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कुछ नेता और कार्यकर्ता चोटिल हो गए।

loksabha election banner


राजधानी लखनऊ और सटे जिलों में कांग्रेस के साथ अन्य पार्टियों ने मिलकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। सपा ने तहसीलों में भी प्रदर्शन कर विरोध जताया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन चौकस रहा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने सुबह सवा दस बजे हजरतगंज में हनुमान मंदिर पर मत्था टेक प्रदर्शन का आगाज किया। उन्होंने भाजपा और मोदी सरकार की नीतियों पर जम कर हमला बोला। कहा, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज बन रही है। भाजपा के पास राफेल डील और बढ़ती महंगाई को लेकर कोई भी जवाब नहीं है। भूतनाथ मार्केट में बंद कराने को लेकर हंगामा हो गया।


वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। साथ ही महंगाई की गिरफ्त में जकड़ी हुई जनता का दर्द बयां किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बेडिय़ां पहन रखी थीं और सरकार का विरोध कर रहे थे। इलाहाबाद में सिविल लाइंस में दुकानें, मॉल, शोरूम बंद रहे। चौक, धूमनगंज, तेलियरगंज समेत अन्य बाजार में बंद का असर नहीं दिखा। गधों से गाड़ी को खिंचावकर आक्रोश प्रकट किया गया।


आगरा में बंद का असर देखने को नहीं मिला। मथुरा में आगरा-दिल्ली हाईवे पर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने भैंसागाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया। सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ में बंद बेअसर रहा। गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर व हापुड़ में बंद का आंशिक असर रहा। मुरादाबाद में कांग्रेसियों ने बैलगाड़ी पर स्कूटर रखकर प्रदर्शन किया। बैलगाड़ी से ही ट्रैक्टर भी खिंचवाया गया। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने ई-रिक्शा से कार को खिंचवाया। कांग्रेसी रेलवे स्टेशन पहुंच गए, वहां पैसेंजर ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए। एक घंटे तक नारेबाजी की। सम्भल में अर्धनग्न होकर नारेबाजी की।

आरपीएन सिंह ने चलाया रिक्शा
कुशीनगर के पडरौना में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री कुंवर आरपीएन सिंह ने रिक्शा चला विरोध प्रकट किया तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी की सवारी की। इस मौके पर आरपीएन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की विफलता की वजह से पेट्रोल की कीमत 80 रुपये और रसोई गैस 900 रुपये के पार चली गई।


बंद पूरी तरह सफल : राज बब्बर
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि बंद पूर्णत: सफल रहा और आम जनता को भी कोई परेशानी नहीं हुई। व्यापारी वर्ग का व्यक्तिगत आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि केवल आग्रह मात्र से दुकानों के शटर गिरने लगे। जबरन बंद कराने की अवधारणा को भी ध्वस्त कर पार्टी ने एक इतिहास कायम किया। उन्होंने कहा कि आमजन की आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सा, मेडिकल स्टोर, रोजमर्रा की जरूरत और खराब होने वाली वस्तुओं को बंद में शामिल नहीं किया गया था।
 

फिर दाम बढ़ाना भाजपा का अहंकार : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष के विरोध के बावजूद भाजपा सरकार ने फिर पेट्रोल-डीजल में वृद्धि करके अपने अहंकार का परिचय दिया है। इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार घमंड में चूर है। उन्होंने ट्वीट भी किया-'नोटबंदी, जीएसटी, दलित, किसान, नारी व युवा उत्पीडऩ, महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल के रोज बढ़ते दाम, अमीरों से मुनाफाखोरी के सौदे भाजपा के जनविरोधी कारनामे रहे हैं। अब तो जनता को ऐसा लगने लगा है कि भाजपा जनता को दुख देने और परेशान करने की एक प्रयोगशाला खोल के बैठी है।
 

पश्चिम यूपी में बंद बेअसर

मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में बंद का असर देखने को नहीं मिला। मेरठ में सभी बड़े बाजार, पेट्रोल पंप खुले हुए हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ता नेताओं के आने का इन्तजार कर रहे हैं। कांग्रेस के भारत बंद का नोएडा में भी असर नहीं दिख रहा है। सेक्टर 18 समेत तमाम मार्केट में दुकाने खुली हैं। यहां पर प्रदर्शन के लिए नेता कार्यकर्ताओं का इंतजार कर रहे हैं।


आम आदमी गुस्से में : मसूद अहमद
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने भारत बंद कामयाब बताते हुए कहा कि प्रशासन के भारी दबाव के बावजूद आम आदमी का गुस्सा स्पष्ट नजर आया। पेट्रोलियम पदार्थ ही नहीं, अन्य वस्तुओं की महंगाई से जनता हलाकान है और भाजपा सरकारों से मुक्ति पाना चाहती है। उन्होंने महंगाई कम होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया। 

जनाक्रोश को बलपूर्वक दबाना चाहती है सरकार : भाकपा माले
भाकपा (माले) की राज्य इकाई ने सोनभद्र में कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि सरकार जनाक्रोश को बलपूर्वक दबाना चाहती है। राज्य स्थायी समिति सदस्य अरुण कुमार ने कहा कि गैस-पेट्रोल-डीजल की रोजाना बढ़ रही कीमतों और महंगाई ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। 
इसी क्रम में लोकतांत्रिकजनता दल के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बंद को पूर्णतया सफल बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई को काबू करने में नाकाम भाजपा प्रत्येक स्तर पर फ्लाप साबित हुई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.