लखनऊ में युवक पर झोंका फायर, मिस होने पर पिस्टल की बट से फोड़ा सिर
लखनऊ में युवक पर चलाई गोली फायर मिस होने पर पीटा घायल पहुंचा चौकी तो बंद मिला ताला स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल। जहां उसका इलाज हुआ। बाद में थाने पहुंच कर तहरीर दी गई और मुकदमा दर्ज कराया गया।
लखनऊ, जेएनएन। इंदिरानगर सेक्टर-18 में एक दवा कंपनी कर्मचारी पर बदमाश ने पिस्टल से दो फायर झोंके। फायर मिस होने पर पिस्टल की बट से पीटकर सिर फोड़ दिया और भाग निकला। हमले से घायल पीड़ित चौकी पहुंचा तो वहां ताला बंद मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
कुर्मांचल नगर निवासी देवेंद्र सिंह दवा कंपनी में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम वह इंदिरानगर सेक्टर-18 स्थित एक डॉ. के क्लीनिक पर खुद दवा लेने पहुंचे। कार बाहर खड़ी की और उतरे तो पीछे से एक युवक आया। उसने कंधे पर हाथ रखा और दो फायर पिस्टल से किए। फायर मिस हो गया तो उसने बट से हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ प्रहार से सिर फट गया। शोर सुनकर जबतक आस पड़ोस के लोग आते तो हमलावर भाग निकला। घायल देवेंद्र ने बताया कि वह शिकायत लेकर रिंग रोड चौकी पहुंचे तो वहां पर ताला बंद मिला। कंट्रोल रूम को फोन किया तो लगा नहीं। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज हुआ। उसके बाद थाने पहुंच कर तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कराया। देवेंद्र ने बताया कि हमलावर ने सफेद रंग के कपड़े पहन रखे थे। उसकी उम्र करीब 25-26 रही होगी।