अब छेड़खानी से आहत छात्रा ने खाया जहर, अस्पताल में तोड़ा दम Lucknow News
लखनऊ में लड़की ने छेड़छाड़ से परेशान होकर खाया जहर हुई मौत। बुधवार देर शाम खाया था जहर गुरुवार को हुई मौत।
लखनऊ, जेएनएन। ठाकुरगंज में दसवीं की एक छात्रा ने बुधवार देर शाम जहर खा लिया। छात्रा पड़ोस में रहने वाले युवक की छेड़खानी से आहत थी। अस्पताल में छात्रा को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। जहां गुरुवार को छात्रा की मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृतक छात्रा के पिता ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
दरअसल कक्षा 10 की छात्रा ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बुधवार शाम उसके पड़ोस में रहने वाले नदीम ने छात्रा को फोन किया था। फोन पर बात करने के बाद छात्रा ने जहर खा लिया। आनन फानन में परिवारजनों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वह जिंदगी और मौत से जूझती रही। गुरुवार को छात्रा ने दम तोड़ दिया। छात्रा को आरोपित नदीम बार-बार फोन करके परेशान करता था। वह घर से निकलती थी तो वह रास्ते में भी छेड़ता था। छात्रा के पिता ने आरोपित नदीम और उसके पिता जावेद पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। जावेद टैंपो चलाता है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज के मुताबिक आरोपित पिता व पुत्र की तलाश की जा रही है। दो टीमें बनाकर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है।