पायल चोरी करने के लिए पांच साल की बच्ची की हत्या, झाड़ियाें में फेंका शव
श्रावस्ती में मौसी के घर आई पांच वर्षीय मासूम की हत्या कर फेंका शव पुलिस की छानबीन जारी।
श्रावस्ती, जेएनएन। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने मौसी के घर आई पांच वर्षीय मासूम की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। 12 घंटे बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पीछे झाड़ियों में शव मिला। बालिका के सिर पर चोट के निशान थे। घटना का कारण बालिका का पायल चोरी करना बताया जाता है।
सोनवा थाना क्षेत्र के काला गांव की पांच वर्षीय सबा अपने पिता महफूज अली व मां के साथ 14 जून को जमुनहा बाजार में अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने आई थी। 15 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अचानक गायब हो गई। लोगों के काफी कोशिश के बाद भी उसका का कोई पता नहीं चल सका। मासूम के पिता महफूज अली की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे सबा का शव पूर्व माध्यमिक विद्यालय की चहारदीवारी के पीछे झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। पुलिस ने संदेह होने पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में जमुनहा बाजार निवासी मनोज सोनी(16) पुत्र रामचंदर ने बालिका की हत्या कर शव फेंकने का जुर्म इकबाल कर लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बालिका पायल पहने थी। उसी के लालच में बालिका को बहला-फुसलाकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पीछे ले जाकर उसकी हत्या कर पायल निकाल ली। पुलिस ने शव के पास से खून से सने ईंट व चप्पल बरामद किया है। एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है।