वायरल आडियो पर मंत्री स्वाती सिंह ने साधी चुप्पी, पति दयाशंकर सिंंह ने कह दी यह बड़ी बात
मंत्री स्वाती सिंह का एक आडियो वायरल होने के बाद चर्चा फिर से ताजी हो गई। इस आडियो में स्वाती सिंह अपने पति दयाशंकर सिंह पर कई गंभीर आरोप लगा रही हैं। यह आडियो ताजा है या पुराना इसकी सफाई देने से भी स्वाती सिंह बचती रहीं।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। सरोजनीनगर विधानसभा सीट का निर्णय किस करवट बैठता है? यह तो नतीजे बताएंगे, लेकिन भाजपा से टिकट की दावेदारी को लेकर सरकार में महिला कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह और उनके पति एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के बीच का विवाद और भी सार्वजनिक होता जा रहा है। स्वाती सिंह मौजूदा समय में सरोजनीनगर सीट से भाजपा की विधायक हैं, लेकिन अब इस सीट पर उनके पति दयाशंकर सिंह भी भाजपा से दावेदारी कर रहे हैं।
कई दिनों से दोनों की दावेदारी चर्चा बनी है, लेकिन एक दिन पहले स्वाती सिंह का एक आडियो वायरल होने के बाद चर्चा फिर से ताजी हो गई। इस आडियो में स्वाती सिंह अपने पति दयाशंकर सिंह पर प्रताडि़त और मारपीट करने का आरोप लगा रही हैं। यह आडियो ताजा है या पुराना? इसकी सफाई देने से भी स्वाती सिंह बचती रहीं। दैनिक जागरण ने उनके मोबाइल पर कई बार फोन मिलाया। उनके सहयोगी सुमित, मीडिया का काम देखने वाले हिमांशु के साथ ही पीएसओ को भी फोन मिलाया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। एक सहयोगी ने तो स्वाती सिंह से बात कराने की बात कही, लेकिन फिर फोन रिसीव नहीं किया। इस आडियो की चर्चा भाजपा खेमे में अधिक थी और पार्टी के वरिष्ठ नेता घरेलू मामले को सार्वजनिक किए जाने पर नाराजगी जता रहे थे।
टिकट कटने जा रहा तो कर रहीं बदनाम : पत्नी को राजनीति की सीढिय़ां दिखाने वाले भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दया शंकर सिंह ने पत्नी स्वाती सिंह के आडियो को प्रोपेगंडा बताया। कहा, स्वाती सिंह का टिकट कटने जा रहा है। इसलिए वह इस तरह का दुष्प्रचार कर रही हैं। दयाशंकर ने माना कि आडियो में स्वाती सिंह की ही आवाज है और कहा कि स्वाती सिंह से भी उनकी आवाज के बारे में भी पूछ लीजिए।