दूसरे चरण के मतदान में वोटरों का साथ देगा मौसम
बदली और बारिश के बाद तापमान में आएगी कमी। रविवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है।
लखनऊ, जेएनएन। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में लगातार वृद्धि से गर्म हवा के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं, लेकिन राहत की बात है कि दो दिन बाद राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है। 16-17 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बदली व बारिश का मौसम रहेगा।
इससे जहां गर्म हवा से निजात मिलेगी, वहीं तापमान में भी कमी आएगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ प्रदेश में 18 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में होगा। मतदाताओं को गर्मी बेहाल नहीं करेगी। दरअसल, गर्मी पिछले दो दिनों से अपने तेवर दिखा रही है। गर्म हवाएं हलक सुखा रही हैं। चटख धूप झुलसा रही है।
बांदा सबसे गर्म, 44.2 पर पहुंचा पारा
शनिवार को बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान सामान्य के मुकाबले चार डिग्री अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, इलाहाबाद में 43.6, सुल्तानपुर में 42.6, झांसी 42.0 और कानपुर 41.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। तापमान में वृद्धि से इन इलाकों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति है। मौसम अगले दो दिन ऐसा ही रहने का अनुमान है।
राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता बतातेहैं कि 15 अप्रैल से मौसम में बदलाव होगा। पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने के कारण 15 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 16-17 को प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की संग मध्यम बारिश की संभावना है। इससे मौसम नर्म हो जाएगा। अच्छी बात यह है कि 18 अप्रैल को मौसम साफ हो जाएगा।
तापमान 40 के पार हुआ
शनिवार को राजधानी में तापमान सामान्य के मुकाबले दो डिग्री अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर गर्म हवा के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहे। अवकाश होने के बावजूद लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके।