भाजपा का सदस्यता अभियान आज से, ओम माथुर को यूपी से उम्मीद
लखनऊ। भाजपा के उत्तर प्रदेश के नये प्रभारी ओम माथुर आज लखनऊ में भाजपा के सदस्यता अभियान का शु
लखनऊ। भाजपा के उत्तर प्रदेश के नये प्रभारी ओम माथुर आज लखनऊ में भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। आज लखनऊ पहुंचे ओम माथुर को भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में करिश्माई प्रदर्शन करेगी। ओम माथुर के साथ भाजपा के सह सदस्यता प्रमुख विनय सहस्त्रबुद्धे भी अभियान के शुभारंभ में मौजूद रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बाद उत्तर प्रदेश के प्रभारी नियुक्त किए गए ओम माथुर आज लखनऊ में पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में दोपहर करीब तीन बजे से शुरू होगा। आज सुबह लखनऊ पहुंचे ओम माथुर की वरीयता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान को आगे बढ़ाने की है। उन्होंने कहा अब भाजपा गांव-गांव तथा गली-गली जाकर सदस्य बनाएगी। इसके साथ ही डिटिजल अभियान भी चलाया जा रहा है। ओम माथुर का दावा है कि उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव (2017) में भाजपा का दबदबा रहेगा। देश के अन्य राज्यों की तरह ही उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। यहां भी भाजपा पूर्ण बहुमत की तथा अच्छी सरकार देगी। माथुर ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश लेकर लखनऊ आए हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
ओमप्रकाश माथुर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बाद उत्तर प्रदेश के प्रभारी का पद संभाला है। पद संभालने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे ओम माथुर का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। राजस्थान के ओम माथुर को अमित शाह ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। माथुर को पीएम नरेंद्र मोदी के काफी नजदीक माना जाता है। उन्होंने महाराष्ट्र के प्रभारी रहते हुए पार्टी को बेहतरीन जीत दिलाई है। उनके नेतृत्व में वहां के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर शानदार परिणाम दिया। इसके बाद अब माथुर को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। भारतीय जनता पार्टी उनके नेतृत्व में ही उत्तर प्रदेश का मिशन-2017 अपने नाम करना चाहती है।