Move to Jagran APP

लखनऊ फोरमः संवाद से समस्या के समाधान तक

हम ख्वाब देखते हैं हर बार लखनऊ का। नवाबी नगरी के 'स्मार्ट सिटी’ में बदलने का। तहजीब को साथ लेकर विकास में ढलने का। साहित्यिक के साथ वैज्ञानिक उन्नति का।

By Gaurav TiwariEdited By: Published: Tue, 18 Sep 2018 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 17 Sep 2018 08:03 PM (IST)
लखनऊ फोरमः संवाद से समस्या के समाधान तक

जासं, लखनऊ। हम ख्वाब देखते हैं हर बार लखनऊ का। नवाबी नगरी के 'स्मार्ट सिटी’ में बदलने का। तहजीब को साथ लेकर विकास में ढलने का। साहित्यिक के साथ वैज्ञानिक उन्नति का। प्रगति के नित नये कीर्तिमान गढऩे का... शहर के विकास के सपने को धरातल पर उतारने का खाका खींचने के लिए आम-ओ-खास साथ आए। जनप्रतिनिधि को सामने पाकर लोगों ने शहर की समस्याएं भी बताईं। वहीं निस्तारण के आश्वासन के साथ सुधार की आस जगी। संवाद से समस्या के समाधान की दिशा तय की गई।

loksabha election banner

माय सिटी माय प्राइड फोरम में जनप्रतिनिधियों के साथ सभी वर्गों की सकारात्मक सोच और सहयोग से शहर की बेहतरी के रास्ते तलाशे गए। फोरम में 11 लक्ष्यों पर अमल की सहमति बनी। इन लक्ष्यों में बाल, युवा, बुजुर्गों के
साथ महिलाओं की बेहतरी की सोच छिपी है। सार्थक पहल को आगे बढ़ाकर लखनऊ को 'लाजवाब लखनऊ’ बनाने के लिए हर किसी ने सुझाव रखे...।

सहभागिता से परिवर्तन संभव
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सभी काम कर रहे हैं, पर सरकार को जगाना भी पड़ता है। दैनिक जागरण अपनी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहा है। मैं मेयर था तब डर लगता था कि जागरण हालचाल आज जाने किस इलाके का हाल निकालेगा। हम उस इलाके में पहले ही सफाई करवा देते थे। मगर आज सोचते हैं कि जागरण हालचाल की जरूरत ही न पड़े। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे। प्रयत्न दो पक्षीय हों तो ही सफलता मिलती है। पहला सरकार काम करे। दूसरा जनसहभागिता।

सहभागिता ही परिवर्तन ला सकती है। इसमें बच्चों की भूमिका भी अहम है। सरकार और जनता को साथ मिलकर चलना होगा। आज बदलती सोच ने हमारी कार्य संस्कृति में बदलाव किया है। यह हमें मशीनीकरण की ओर ले गया है। संसाधनों की कमी विकास में बाधक बनती है। सफाईकर्मियों की कमी है। 13-14 हजार सफाई कर्मी चाहिए। नगर निगम की आय बढ़े। पीपीपी मॉडल पर परियोजनाएं लगाएंगे तो शहर का विकास होगा। पौधरोपण के साथ ही ग्रीन एनर्जी का प्रयोग बढ़ाना होगा। जवाबदेही किसकी हो... इस पर जूझने के बजाए सुझावों को शामिल करने हुए सुधार का काम करना होगा।

अव्वल होगा शहर
विधि मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि माय सिटी माय प्राइड के रूप में जागरण की मुहिम उम्मीद जगाती है। फोरम में शामिल होकर लखनऊ के विकास के लिए हर किसी ने समय दिया। इसी तरह सब जुट पड़ें तो लखनऊ नंबर एक पर होगा। हमें तेजी के साथ प्रगति करनी है। मिल बैठकर समस्या का हल करेंगे। कोई शासक नहीं है, सेवक हैं। शहरवासी भाईचारे के साथ रहते हैं। साथ में ही आगे भी बढ़ेंगे। अमीनाबाद में अतिक्रमण की समस्या का समर्पित भाव से निराकरण करेंगे। ऐसी कोई परेशानी नहीं है, जो हल न हो सके। 

समस्याओं के समाधान को संकल्पित
महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि यह जागरण का सराहनीय कदम है। शहरवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए दृढ़ संकल्पित हूं। हम मंगल दिवस का आयोजन कर जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्रयासरत हैं। स्कूलों में बेटियों के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाएंगे। बारिश में सड़कें खराब हुई हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। खाली पड़े प्लाटों में चहारदीवारी बनाने के संबंध में नोटिस दिया है। इसके अलावा खुले में शौच को लेकर बच्चों की टीम बनाई है, जिसको चैंपियन नाम दिया गया है। मैं स्कूल संचालकों से आह्वान करूंगी कि बच्चों को हमारे साथ जोड़ें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.