शादी के 7 साल बाद भी जारी रही डिमांड, महिला ने उठाया खौफनाक कदम
मायके वालों ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप। चारपाई पर पड़ा था शव शरीर पर थे चोट के निशान।
लखनऊ, जेएनएन। मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक महिला का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरदोई के संडीला स्थित गांव पडऱी निवासी कमलेश की बेटी खुशबू (28) का विवाह सात वर्ष पूर्व मलिहाबाद के अंटाखेड़ा गांव मजरा जमोलिया निवासी राजकुमार के बेटे सुशील के साथ हुआ था। कमलेश ने दी तहरीर में कहा है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन खुशबू को दहेज में बाइक, सोने की चेन समेत अन्य मांगों को लेकर मारपीट कर प्रताडि़त करते थे। इसके चलते खुशबू की हत्या करके उसका शव फांसी पर लटका दिया गया।
शुक्रवार को ससुराल से कमलेश के पास फोन आया और उन्हें बेटी खुशबू के फांसी लगाने की जानकारी दी गई। कमलेश का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उसका शव चारपाई पर पड़ा था और कपड़े भी फटे थे। शरीर पर चोट के निशान थे। खुशबू के पिता कमलेश की तहरीर पर पुलिस ने पति सुशील, देवर धर्मेंद्र, गोविंद, सास सरोजनी और ससुर राजकुमार के खिलाफ दहेज हत्या, 3/4 डीपी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बेटी के जन्म के बाद करने लगे थेे प्रताडि़त
पिता कमलेश ने बताया कि खुशबू के बेटी के जन्म के बाद उसके ससुरालीजन और प्रताडि़त करने लगे। तीन साल खुशबू को मायके में रहना पड़ा, जिसके बाद कमलेश ने कुछ सभ्रांत लोगों के साथ समझौता करके उसे ससुराल भेज दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप