Lucknow Weather Update: लखनऊ में रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हुआ, आज भी रहेगी बादलों की आवाजाही
लखनऊ में बादलों की वजह से मौसम सुहावना हो गया तापमान में भी गिरावट आई जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।
लखनऊ, जेएनएन। बीते दो-तीन दिन से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे राजधानीवासियों को बुधवार को राहत मिली। मंगलवार रात से ही बादलों ने डेरा जमा लिया था और तड़के कई इलाकों में बौछारें पड़ीं।आसमान पर काले बादलों का डेरा है। बादल गरज रहे हैं और रिमझिम बारिश व ठंडी हवा चल रही है। इसके चलते सुबह मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन बादलों की आवाजाही रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना है। इसके चलते तापमान भी कुछ कम होगा।बताते चलें कि इधर दो-तीन दिन से तीखी धूप के चलते मौसम लगातार गर्म बना हुआ था। वहीं उमस भी बहुत थी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में लोग अच्छे मौसम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बुधवार को सुबह खुशगवार मौसम के साथ हुई तो लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आंशिक रूप से बदली रहेगी बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर बौछारें भी पड़ सकती हैं। बताते चलें कि राजधानी में इस बार मॉनसून कम मेहरबान रहा है। यहां सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। ऐसे में लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार के मुकाबले तापमान में छह फीसद की गिरावट दर्ज की गई ।फिलहाल तापमान इसी के आसपास रहने की उम्मीद है।