Lucknow Weather Update: कहीं बरसे तो कहीं सूखा रहा, एक हफ्ते तक ऐसे ही मौसम के आसार
Lucknow Weather Update प्रदेश में 17 फीसद कम हुई है बारिश। लखनऊ में 24 फीसद कम बरसे मेघ।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow Weather Update: मानसून पूरी तरीके से बेईमानी करने पर आमादा है। बादल आते तो हैं, कहीं बरसते हैं तो कहीं सूखा ही छोड़ चले जाते हैं। बीते कई दिनों से मौसम का यही अंदाज है। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक हफ्ता मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है।
सितंबर के 10 दिन गुजर चुके हैं लेकिन अच्छी बारिश के लिए प्रदेशवासी तरस गए हैं। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में जहां 17 फीसद कम बारिश हुई है। वहीं लखनऊ में 24 फीसद की कमी है। साफ है कि मॉनसून फिलहाल उत्तर प्रदेश में तो तरसा रहा है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि फिलहाल अगले एक सप्ताह मॉनसून के सक्रिय होने की उम्मीद कम है। मौसम ऐसा ही बने रहेगा। बादलों की आवाजाही के बीच कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अच्छी बात यह रही कि बीते दिनों तापमान 37 डिग्री से अधिक पहुंच गया था। देखा जाए तो शुक्रवार को गर्मी से मामूली राहत मिली। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वायुमंडल में नमी बनी हुई है जिसके चलते उमस महसूस की जा रही है। बादलों की आवाजाही लगी रहेगी।