Lucknow Unlock: फिर से गुलजार होने लगे मॉल-बाजार, कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से हो रहा पालन
Lucknow Unlock कारोबारियों का कहना है कि इस हफ्ते कारोबार पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगा। समय बढऩे का लाभ ग्राहक और व्यवसायी दोनों को होगा। व्यापारी शोरूम और दुकानों का कलेक्शन ग्राहकों तक सीधे पहुंचा सकेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के कारण लंबे समय से बंद चल रहे शहर के करीब दर्जनभर मॉल आखिरकार सोमवार से खुल गए। वहीं रेस्तरा में भी लोगों का आवागमन शुरू हो गया। मॉल और शहर के प्रमुख बाजारों में कोविड-डेस्क बना लोगों को प्रवेश दिया गया। तो कई माल में लिफ्ट में एक बार में छह लोगों को जाने की अनुमति दी गई। इसके लिए बाकायदा बाक्स बनाए गए। हालांकि दोपहर तक मॉल में पहले की तरह शॉपिंग करने वालों की भीड़ नहीं थी। वहीं दो घंटे कारोबार के बढ़ाए जाने से बाजारों में रौनक दिखी। व्यापार ने रफ्तार पकड़ी। व्यापारियों का कहना था कि अरसे बाद कारोबारी गतिविधियां गति ले रही हैं। वजह यह है कि करीब-करीब सभी कारोबार आज खुल गए। इससे लोगों की जरूरतें एक बार में ही पूरी होने लगीं। सहारा गंज में प्रवेश के लिए कतारें लगीं। जांच के लिए लोगों को गेट पर इंतजार करना पड़ा।
नो मास्क नो इंट्री का अपनाया गया फार्मूला
मॉल संचालकों ने प्रथम दिन नो मास्क नो इंट्री का फार्मूला सख्ती से लागू किया। गेट पर ही कोविड डेस्क बनाई गई। जहां बिना जांच के लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया। पहले दिन कोविड प्रोटोकाल के नियमों का पालन होता दिखा।
मॉल की लिफ्ट में बनाए गए बॉक्स, एक बार में छह लोगों को प्रवेश : उमराव समेत कई शॉपिंग मॉल सेनिटाइजेशन के बाद सोमवार को खोल दिए गए। उमराव में लिफ्ट में जाने के लिए एक बार में मात्र छह लोगों को अनुमति दी गई। बाकायदा बाक्स बना लोगों को उसी में रहने की हिदायत के साथ जाने की अनुमति दी गई।
बाजारों में कोविड प्रोटोकाल का दिखा उल्लंघन : बाजार खोले जाने के समय में दो घंटे की वृद्धि होते ही सहालगी खरीदार बाजारों में उमडऩे लगे। बाजारों में कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन प्रमुख बाजारों में देखने को मिला। हजरतगंज, अमीनाबाद, गणेशगंज, आलमबाग, नाका हिंडोला, चारबाग, इंदिरानगर, गोमतीनगर, रकाबगंज, चौक, पांडेयगंज, नजीराबाद आदि बाजारों में भीड़ दोपहर बाद से उमडऩे लगी। कारोबारियों का कहना है कि इस हफ्ते कारोबार पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगा। समय बढऩे का लाभ ग्राहक और व्यवसायी दोनों को होगा। व्यापारी शोरूम और दुकानों का कलेक्शन ग्राहकों तक सीधे पहुंचा सकेंगे। अभी तक सात बजे दुकानें बंद करने की जल्दी में व्यापारी ग्राहकों को शाम से ही हटाना शुरू कर देते थे। आज बाजारों में रौनक दिखी।
राजधानी के फन, फिनिक्स, सहारागंज, निशातगंज उमराव मॉल, प्लाजियों समेत शहर के सभी प्रमुख मॉल सोमवार से कोरोना गाइडलाइन के तहत खोल दिए गए हैं। सुबह दस बजे से रात नौ बजे तक मॉल खुलेंगे। इंट्री प्वाइंट पर ही सख्ती की जा रही है। हालांकि पहले जैसी भीड़ आज नहीं दिखी। तापक्रम अधिक होने पर रिकार्ड मेंटेन किया जा रहा है। नो मास्क नो इंट्री का सख्ती से अनुपालन कराया जा रहा है।
आशीष अग्रवाल, अध्यक्ष, यूपी मॉल एंड मल्टी प्लेक्स एसोसिएशन