LockDown 5.0 Unlock-1: दौड़ने लगा नाका का इलेक्ट्रॉनिक बाजार, नए सामान पर कम-रिपेयरिंग पर जोर
LockDown 5.0 Unlock-1 राजधानी का सबसे व्यस्त इलेक्ट्रॉनिक बाजार है नाका। दुकानों पर शारीरिक दूरी व सैनिटाइजेशन के मानकों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
लखनऊ [पुलक त्रिपाठी]। LockDown 5.0 Unlock-1: दाएं और बाएं पटरी के बाजार खुलते ही शहर का नाका बाजार भी दौड़ पड़ा। चंद रोज पहले तक नाका बाजार में पसरा सन्नाटा अब गायब हो चुका है। ग्राहकों ने भी अपनी आमद दर्ज करानी शुरू कर दी है। दुकानों पर शारीरिक दूरी व सैनिटाइजेशन के मानकों का भी ध्यान रखा जा रहा है। दोनों ओर (दाएं और बाएं) की दुकानें खुलने से एक पट्टी पर पडऩे वाला भीड़ का दबाव भी कम हुआ है, जिसे व्यापारी और ग्राहक भी सुरक्षित मान रहे हैं।
छोटे इलेक्ट्रॉनिक आइटम की डिमांड ज्यादा
नाका हिंडोला बाजार की दुकानों पर अधिकतर छोटे इलेक्ट्रॉनिक आइटम की डिमांड बढ़ी है। व्यापारियों के मुताबिक आमतौर पर गर्मियों में रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन की डिमांड अधिक रहती थी, मगर लॉकडाउन के बाद छोटे इलेक्ट्रॉनिक आइटम जैसे पंखा, मिक्सी और कूलर की डिमांड में इजाफा देखने को मिला है।
नए सामान पर कम, रिपेयरिंग पर अधिक जोर
अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े व्यापारी बताते हैं कि लॉकडाउन के बाद ग्राहकों की दिलचस्पी नए सामान को लेकर कम देखने को मिल रही है। हालांकि नए समान की कीमतों के बारे में जानकारी को लेकर उनमें खूब जिज्ञासा है। ग्राहक रिपेयरिंग के सामान को रिपेयर कराकर इस्तेमाल करने पर अधिक जोर दे रहे हैं। नए सामान की बिक्री फिलहाल 20 से 25 फीसद ही है। हालांकि धीरे-धीरे सेल बढ़ रही है।
बरसात ने बिक्री पर फेरा पानी
नाका हिंडोला व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतपाल सिंह का कहना है कि बीते दो दिनों से हो रही बरसात से मौसम ठंडा हुआ है। इस कारण गुरुवार से कूलर और पंखे की सेल में गिरावट आई है। हालांकि अभी महीने भर गर्मी का असर रहेगा इस कारण उम्मीद की जा रही है कि आगे बिक्री ठीक रहेगी।
बाजार की कुछ अच्छी और खास बात
व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष कमलजीत सिंह बताते हैं कि पूरी तरह बाजार खुलने से लॉकडाउन के पहले का डंप माल तेजी से निकलने लगा है। सेल की रफ्तार भले ही कम हो मगर अब व्यापार धीरे-धीरे पुराने ढर्रे पर आ रहा है। जल्द ही नये माल की सप्लाई चैन भी सामान्य होगी।
खरीद के साथ मुफ्त मिल रहा सैनिटाइजर व मास्क
व्यापारी नीलेश अग्रवाल 'टाटा' बताते हैं कि कई दुकानदार बिना मास्क लगाए भी सामान लेने आ रहे हैं, ऐसे में उन्हें अपनी ओर से मास्क सैनिटाइजर मुहैया कराया जा रहा। सवाल फायदे या घाटे का नहीं, सुरक्षा का है, इसलिए यह सब भी करना पड़ता है।
अपने खर्चे पर कराया सैनिटाइजेशन
नाका परिक्षेत्र व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन मनोचा का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा कहा गया था कि नाका व आस-पास की मार्केट में सैनिटाइजेशन के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया है। बावजूद इसके संकट मोचन मंदिर आर्यनगर, मीट वाली गली में सैनिटाइजेशन नहीं कराया गया। व्यापार चलाने के लिए व्यापारी अपने खर्चे पर रोजाना सैनिटाइजेशन करा रहे हैं।