लखनऊ नगर निगम ने दो साल आठ माह बढ़ाई थी अब्दुल्ला की उम्र Lucknow news
एक अफसर के दबाव में डुप्लीकेट सर्टिफिकेट पर जारी किया जन्म प्रमाण पत्र।
लखनऊ, जेएनएन। मुहम्मद अब्दुल्ला आजम खां एक हैं, लेकिन जन्म दो-दो अलग शहरों में हुआ था। रामपुर के साथ ही लखनऊ के क्वीन मेरी हॉस्पिटल में सांसद आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला का जन्म दिखाया गया था, जो बाद में उनके गले की हड्डी बन गया। लखनऊ नगर निगम में दर्ज अभिलेख में अब्दुल्ला दो साल आठ माह बड़े हो गए। इस आधार पर वह विधायक का चुनाव लड़ पाए थे। 30 सितंबर 1990 को अब्दुल्ला का जन्म लखनऊ के क्वीन मेरी हॉस्पिटल में होना दिखाया गया था।
करीब 15 साल पहले क्वीन मेरी हॉस्पिटल से नौ जनवरी 2015 को अब्दुल्ला का डुप्लीकेट बर्थ सर्टिफिकेट जारी हुआ था। इस आधार पर लखनऊ नगर निगम ने भी जन्म प्रमाणपत्र बना दिया। यह जन्म प्रमाण पत्र क्वीन मेरी हॉस्पिटल और नगर निगम की तरफ से तब जारी किया था, जब अब्दुल्ला के पिता मुहम्मद आजम खां उत्तर प्रदेश सरकार में नगर विकास मंत्री थे। एक अफसर के दबाव में डुप्लीकेट सर्टिफिकेट से जन्म प्रमाणपत्र जारी किया था। खास बात यह रही कि क्वीन मेरी हॉस्पिटल ने डुप्लीकेट जन्म प्रमाण पत्र जारी करते समय पुराने जन्म प्रमाण पत्र का पंजीकरण भी नहीं लिखा गया था।
आजम की पत्नी ने दिया था शपथ पत्र
आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा ने 17 जनवरी 2015 को नगर स्वास्थ्य अधिकारी को शपथपत्र दिया था। इसमें बताया गया कि अब्दुल्ला का जन्म लखनऊ के क्वीन मेरी हॉस्पिटल में 30 सितंबर 1990 को हुआ था। उसी आधार पर वह नगर निगम से जन्म प्रमाण पत्र जारी करवाना चाहती थीं। क्वीन मेरी हॉस्पिटल से मिले जन्म प्रमाण पत्र और आजम की पत्नी के शपथ पत्र के आधार पर नगर निगम ने रजिस्ट्रेशन संख्या एनएनएलकेओ बी-2015-292611 पर जन्म प्रमाण पत्र जारी किया था।
रामपुर से भी बना था जन्म प्रमाण पत्र
अब्दुल्ला का जन्म प्रमाण पत्र रामपुर नगर पालिका परिषद ने 28 जून 2012 मे जारी किया था। तब उनकी जन्मतिथि एक जनवरी 1993 दिखाई गई थी और जन्म स्थान, घेर मीर बाज खां जेल रोड रामपुर दिखाया गया था। इसके बाद 30 सितंबर 1990 में लखनऊ के क्वीन मेरी हॉस्पिटल में अब्दुल्ला का जन्म दिखाया गया। तब पता चार कालिदास मार्ग लिखा गया था, जो आजम खां को मंत्री रहते आवंटित था।