Pollution in Lucknow: प्रदूषण में लखनऊ ने दिल्ली को पछाड़ा, 314 पहुंचा AQI
लखनऊ में वायु प्रदूषण का बुरा हाल दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषित हुआ लखनऊ। 314 दर्ज किया गया एक्यूआइ।
लखनऊ, जेएनएन। शहरवासियों को साफ हवा नहीं मिल पा रही है। शहर में लंबे समय से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) वेरी पुअर दर्शा रहा है। शनिवार को लखनऊ ने प्रदूषण में दिल्ली को भी पछाड़ दिया।
सरकार के सख्त निर्देश के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण पर अफसर बेपरवाह हैं। ऐसे में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शहरवासियों का स्वास्थ्य दांव पर लगा हुआ है। शनिवार को लखनऊ का एक्यूआइ 314 दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली का एक्यूआइ 312 रहा। ऐसे ही पटना देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां का एक्यूआइ 407 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कानपुर का 396, मुजफ्फरपुर का 397, नोएडा का 322, ग्रेटर नोएडा का 336, गाजियाबाद का 347, वाराणसी का 330 एक्यूआइ दर्ज किया गया।
सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
शहर में अब धीरे-धीरे सुबहृ और शाम के समय ठंड और बढ़ेगी। रविवार को दिन में आसमान साफ रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।