लखनऊ में फिर तेजी से बढ़ा कोरोना वायरस का संक्रमण, 24 घंटे में मिले 3643 नए केस-दो की मौत
Lucknow Corona News Update लखनऊ में निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे दो संक्रमितों की मौत हो गई। दोनों पहले से कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। वहीं दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले 197 यात्री भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राजधानी में गुरुवार को 3643 लोग कोरोना की चपेट में आ गए हैं। वहीं 2745 संक्रमित व्यक्तियों ने वायरस को मात दी है। गुरुवार तक सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 17829 पर पहुंच गया है। वहीं दो व्यक्तियों की मृत्यु भी हुई है।
1267 कांटैक्ट ट्रेसिंग में संक्रमित : कांटैक्ट ट्रेसिंग में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए 1267 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले 197 यात्री भी संक्रमित मिले हैं। आपरेशन से पहले 88 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। खांसी-जुकाम और बुखार आने पर जांच करवाने वालों में 512 लोग संक्रमित मिले हैं। विभिन्न अस्पतालों के 136 स्वास्थ्य कर्मचारी भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इसके अलावा कमांड अस्पताल में जांच करवाने वाले 38 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
दो संक्रमित मरीजों की मौत : गुरुवार को निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे दो कोरोना संक्रमितों की मृत्यु हो गई। दोनों मरीज पहले से कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। गोमतीनगर स्थित जुग्गौर निवासी 84 वर्षीय मरीज की तबीयत खराब होने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां पर जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मरीज को आक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। इलाज के दौरान मरीज की मृत्यु गई। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. मिलिंद वर्धन के अनुसार, मरीज को डायबिटीज की परेशानी थी और ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। इसके अलावा आईआईएम रोड निवासी 42 वर्षीय पुरुष को लिवर की समस्या थी। ब्लड प्रेशर की भी परेशानी थी। उनका डायलिसिस हो रहा था। मरीज को गंभीर स्थिति में फैजाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी मृत्यु हो गई।
यहां फैला संक्रमण
- इलाके मरीज
- अलीगंज 530
- चिनहट 490
- आलमबाग 474
- एनके रोड 275
- सिल्वर जुबली 262
- इंदिरानगर 252
- सरोजनीनगर 203
- रेडक्रास 158
- ऐशबाग 137
Edited By Anurag Gupta