Lucknow Coronavirus News Update: राजधानी में 847 नए संक्रमित मिले, 16 की मौत
Lucknow Coronavirus News Update इससे पहले इसी हफ्ते एक दिन में मिलने वाले सर्वाधिक संक्रमित मरीजों का रिकॉर्ड टूट गया था और 1187 मरीज पाए गए थे।
लखनऊ, जेएनएन। पिछले कई दिनों से तेजी से बढ़ रही मरीजों की संख्या में सप्ताह के आखिरी दिन रविवार को आंशिक कमी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को कुल नए संक्रमित लोगों की संख्या 847 रही। जबकि 16 मरीजों की वायरस ने जान ले ली। इसमें से 10 मरीज राजधानी के हैं। हालांकि इससे पहले इसी हफ्ते एक दिन में मिलने वाले सर्वाधिक संक्रमित मरीजों का रिकॉर्ड टूट गया था और 1187 मरीज पाए गए थे। उसके दूसरे दिन फिर 1117 मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई थी। रविवार की रिपोर्ट से स्वास्थ विभाग समेत राजधानीवासियों ने भी आंशिक राहत महसूस की है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को 816 मरीजों को संक्रमण मुक्त घोषित किया है। सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों ने 6447 लोगों के नमूने लिए। केजीएमयू में हरदोई निवासी 45 वर्षीय पुरुष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्हें तीन सितंबर को भर्ती कराया गया था। इसी तरह पीलीभीत निवासी 80 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई। नौ सितंबर को गंभीर अवस्था में उन्हें भर्ती कराया गया था। सुगर व बीपी की परेशानी भी थी। इसी जिले के 60 वर्षीय पुरुष ने भी कोरोना वार्ड में दम तोड़ दिया। सड़क हदासे में घायल होने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। सिर में गंभीर चोट थी।
यहां मिले नए संक्रमित
अलीगंज 24, आलमबाग 39, आशियाना 45, इंदिरानगर 52, कृष्णा नगर 23, कैंट 26, गुडम्बा 10, गोमतीनगर 57, चिनहट 25, चौक 39, जानकीपुरम 27, ठाकुरगंज 12, तालकटोरा 38, पारा 15, रायबरेली रोड 48, मड़ियांव 13, महानगर 22, विकासनगर 16, सआदतगंज 10, सरोजनीनगर 15 व सुशान्त गोल्फ सिटी में 12 लोग पॉजिटिव मिले।
चारबाग व आलमबाग के दो मरीज कोरोना वार्ड से भागे
राजधानी के लेवल लोकबंधु कोविड अस्पताल में भर्ती दो मरीज रविवार को दोपहर बाद अचानक वार्ड से भाग गए। इस बात की जानकारी जब अस्पताल प्रबंधन को हुई तो पहले वार्ड से लेकर आसपास दोनों मरीजों को खोजा गया, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। इससे हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से दोनों मरीजों के कोविड वार्ड से भागने की सूचना पुलिस को दी गई है। एक मरीज आलमबाग का वह दूसरा चारबाग का निवासी है।
लोकबंधु अस्पताल अस्पताल के निदेशक डॉ. मधु सक्सेना ने बताया कि मरीजों के द्वारा अस्पताल में नोट कराए गए मोबाइल नंबर पर बार-बार संपर्क करने की कोशिश देर शाम तक की जाती रही, लेकिन दोनों मरीजों ने अपना नंबर बंद कर लिया। पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी गई है। इनमें से एक मरीज रमेश कुमार सिंह(42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय भवन सिंह चारबाग के पानदरीब निवासी है। जबकि दूसरा मरीज मुकेश सिंह(46 वर्ष) पुत्र रामचंद्र आलमबाग का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि दोनों मरीज करीब 10 दिनों से कोविड वार्ड भर्ती थे। पुलिस से कहा गया है कि उनके घर जाकर पता करें कि वहां सकुशल पहुंच गए हैं या नहीं। अस्पताल से मरीजों के भागने की कोई वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।