Lucknow Coronavirus News: लखनऊ के चारबाग व आलमबाग के दो मरीज कोरोना वार्ड से भागे
Lucknow Coronavirus News एक मरीज आलमबाग का वह दूसरा चारबाग का निवासी है। दोनों मरीज करीब 10 दिनों से कोविड वार्ड भर्ती थे।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow Coronavirus News:राजधानी के लेवल लोकबंधु कोविड अस्पताल में भर्ती दो मरीज रविवार को दोपहर बाद अचानक वार्ड से भाग गए। इस बात की जानकारी जब अस्पताल प्रबंधन को हुई तो पहले वार्ड से लेकर आसपास दोनों मरीजों को खोजा गया, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। इससे हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से दोनों मरीजों के कोविड वार्ड से भागने की सूचना पुलिस को दी गई है। एक मरीज आलमबाग का वह दूसरा चारबाग का निवासी है।
लोकबंधु अस्पताल अस्पताल के निदेशक डॉ. मधु सक्सेना ने बताया कि मरीजों के द्वारा अस्पताल में नोट कराए गए मोबाइल नंबर पर बार-बार संपर्क करने की कोशिश देर शाम तक की जाती रही, लेकिन दोनों मरीजों ने अपना नंबर बंद कर लिया।
पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी गई है। इनमें से एक मरीज रमेश कुमार सिंह(42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय भवन सिंह चारबाग के पानदरीब निवासी है। जबकि दूसरा मरीज मुकेश सिंह(46 वर्ष) पुत्र रामचंद्र आलमबाग का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि दोनों मरीज करीब 10 दिनों से कोविड वार्ड भर्ती थे। पुलिस से कहा गया है कि उनके घर जाकर पता करें कि वहां सकुशल पहुंच गए हैं या नहीं। अस्पताल से मरीजों के भागने की कोई वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।