Lucknow Coronavirus News: जालसाज नातिक निकला कोरोना संक्रमित, पुलिसकर्मी क्वारंटाइन
Lucknow Coronavirus News पुलिस आयुक्त के मुताबिक आरोपित ने पूर्व में जालसाजी की घटनाएं की हैं। आरोपित के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्यवाही की जाएगी।
लखनऊ, जेएनएन। पुलिस आयुक्त के नाम पर जालसाजी करने का आरोपित नातिक हक कोरोना संक्रमित निकल गया है। आरोपित को हजरतगंज पुलिस ने मंगलवार रात में गिरफ्तार किया था। नातिक हक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संपर्क में आए पुलिसकर्मी क्वारंटाइन हो गए हैं। वहीं आरोपित को अस्थाई जेल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस आयुक्त के मुताबिक आरोपित ने पूर्व में जालसाजी की घटनाएं की हैं। आरोपित के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्यवाही की जाएगी।
गौरतलब है कि आरोपित जे पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय के नाम पर ठगी की कोशिश की थी। नातिक ने अपने परिचित से एफआइआर दर्ज कराने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगे थे। वाट्स एप पर आरोपित ने चैटिंग की थी, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। व्हाट्सएप चैटिंग में आरोपित ने शारिक नामक युवक से बात कर लिखा था कि पुलिस आयुक्त पूरी तरह से सेट हैं। पांच लाख का इंतजाम कीजिए, जिसमे दो लाख सुबह तक दीजिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई थी।
सिविल में चार डॉक्टर सहित सिल्वर जुबली में स्टाफ के तीन लोग निकले पॉजिटिव
सिल्वर जुबली अस्पताल में स्टाफ के तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। अस्पताल के अन्य कर्मचारियों की शिकायत है कि बावजूद इसके सिल्वर जुबली अस्पताल की यूनिट को बंद नहीं किया गया और बिना सेनेटाइज कराए अस्पताल का संचालन होता रहा। नाराज कर्मचारियों ने विरोध जताया। उनके मुताबिक मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से भी की गई है।
वहीं, इस बाबत सिल्वर जुबली अस्पताल की एमएस डॉ. प्रियंका यादव का कहना है कि शिकायत निराधार है। बीते शुक्रवार को एक सिस्टर जांच कराने आई थी जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं, बीते मंगलवार को एक दूसरी सिस्टर की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। जबकि बुधवार को एक सफाईकर्मी की रैंडम एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पूरे अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया है।
सिविल में चार डॉक्टर पॉजिटिव
सिविल अस्पताल में बुधवार को चार डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव निकले। अस्पताल में फिजीशियन, चेस्ट फिजीशियन, ऑर्थो व एक रेडियोलॉजिस्ट के पॉजिटिव आने के बाद सीटी स्कैन व अल्ट्रासाउंड रूम को सैनिटाइज कराने के बाद 24 घंटे की लिए बंद कर दिए गए हैं।