Lucknow Coronavirus News: लगातार दूसरे दिन लखनऊ में 250 से कम रही मरीजों की संख्या, 12 की मौत
Lucknow Coronavirus News वायरस ने 12 लोगों की जान ले ली। इसमें से सात मरीज राजधानी के हैं। जबकि पांच अन्य जनपदों के हैं। अब तक 831 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 56032 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow Coronavirus News: राजधानी में कोरोना संक्रमण अब ढलान की ओर बढ़ रहा है। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी कोरोना मरीजों की संख्या ढाई सौ तक ही सीमित रही। वहीं वायरस ने 12 लोगों की जान ले ली। इसमें से सात मरीज राजधानी के हैं। जबकि पांच अन्य जनपदों के हैं। इनमें सुल्तानपुर, हरदोई, अंबेडकरनगर, अयोध्या व प्रयागराज के एक-एक मरीज शामिल हैं।
सोमवार को भी राजधानी में ढाई सौ से कम 247 मरीज मिले थे।स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 462 मरीजों को संक्रमण मुक्त घोषित किया। इनमें से ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन के और कुछ अस्पतालों में भर्ती थे।
सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों ने 6211 लोगों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं।इन मरीजों ने गंवाई जान:अलीगंज निवासी 54 वर्षीय पुरुष की केजीएमयू के कोरोना वार्ड में मौत हो गई। वह सुगर, बीपी से भी। ग्रस्त थे। 19 अक्टूबर को उन्हें गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया था। इसी तरह लखनऊ के 73 वर्षीय वृद्ध की भी कोरोना से मौत हो गई। वह भी शुगर पीड़ित थे और 19 अक्टूबर को ही भर्ती हुए थे।
होम आइसोलेशन में लगातार ठीक हो रहे मरीज
सीएमओ प्रवक्ता योगेश रघुवंशी ने बताया कि होम आइसोलेशन में अब तक करीब 44458 मरीज रखे गए। इनमें 42312 मरीजों ने वायरस को मात दी है। 2146 सक्रिय मरीज होम आइसोलेशन में हैं। होम आइसोलेशन की सुविधा से अस्पतालों में गंभीर मरीजों को इलाज मिलने में आसानी हुई है। कोविड कंट्रोल रूम की टीम लगातार होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों की तबीयत का अपडेट ले रही है। मंगलवार को 1904 मरीजों को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई।
गोमती नगर अब भी टॉप पर
संक्रमण के मामले में गोमतीनगर अभी टॉप पर बना हुआ है। मंगलवार को यहां 25 नए संक्रमित पाए गए। वहीं इंदिरा नगर में 22,आशियाना 19, रायबरेली रोड 17, मडियांव 10, हजरतगंज 15, कैंट 10, तालकटोरा 11, आलमबाग 10, चिनहट 13, चौक 10 व महानगर में 12 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।