अखिलेश यादव को एयरपोर्ट पर रोकने का मामला: ADM और CO को जान से मारने की धमकी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रयागराज जाने से रोकने के मामले में फेसबुक पर युवराज सिंह यादव नामक युवक ने जान से मारने की धमकी दी। हजरतगंज कोतवाली में FIR दर्ज।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अमौसी एयरपोर्ट पर प्रयागराज जाने से रोकने के मामले में फेसबुक पर युवराज सिंह यादव नाम के युवक ने एडीएम पूर्वी और सीओ कृष्णानगर को धमकी दी है। आरोपित ने दोनों अधिकारियों की फोटो साझा करते हुए लिखा है कि इन दोनों का तो पक्का मर्डर होगा। इस मामले में हजरतगंज कोतवाली के एसएसआइ विजय शंकर तिवारी ने एफआइआर दर्ज कराई है।
तहरीर में लिखा है कि प्रयागराज जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एयरपोर्ट पर रोकने पर निजी प्लेन के गेट पर खड़े एडीएम पूर्वी वैभव मिश्र और सीओ कृष्णानगर लाल प्रताप की फोटो फेसबुक पर अपलोड की गई है। आरोपित युवराज सिंह यादव ने फोटो पर अपशब्दों के साथ दोनों की हत्या होने की बात लिखी है। आरोप है कि सरकारी अधिकारियों को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है।
सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्र के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल को जांच के निर्देश दिए गए हैं। आरोपित युवराज के बारे में पुलिस जानकारी एकत्र कर रही है। जल्द ही आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।