प्रेमी युगल ने हाथ पकड़कर गोमती में लगाई छलांग, तीन दिन पहले अमेठी से भागकर आए थे लखनऊ
दोनों शादी करना चाह रहे थे पर घर वाले तैयार नहीं थे। तीन दिन पहले दोनों घर से भागकर शुक्रवार शाम पक्के पुल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पुल के पास टहल रहे थे। एकाएक रेलिंग पर चढ़े और हाथ पकड़कर दोनों ने गोमती में छलांग लगा दी।
लखनऊ, जेएनएन। अमेठी से तीन दिन पहले भागे प्रेमी युगल ने शुक्रवार शाम एक दूसरे का हाथ पकड़कर पक्के पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों को निकाला। गंभीर हालत में उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके परिवारीजनों को सूचना दे दी है।
इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत के मुताबिक अमेठी के जरैटा क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी पंकज मिश्रा (20) का पड़ोस के गांव में रहने वाली युवती (20) से कई सालों से प्रेम प्रसंग था। वह दोनों शादी करना चाह रहे थे पर घर वाले तैयार नहीं थे। तीन दिन पहले दोनों घर से भाग निकलें। शुक्रवार शाम दोनों पक्के पुल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पुल के पास टहल रहे थे। एकाएक रेलिंग पर चढ़े और हाथ पकड़कर दोनों ने गोमती में छलांग लगा दी। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
गोताखोरों को बुलाकर उनकी मदद से दोनों को कुछ ही देर में नदी से निकाल लिया गया। दोनों को गंभीर हालत में ट्रामा ले जाया गया। जहां, होश में आने पर युवती ने पूरी जानकारी दी। युवती ने बताया कि दोनों को घर वाले कई दिनों से फोन करके बुला रहे थे। वह घर जाने के लिए तैयार नहीं थे। इस बीच गोमती के पास पहुंचे और छलांग लगा दी। दोनों के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।