Lockdown Again in UP- Day 2: राहों ने फिर सुना सन्नाटे का शोर, दुकानें बंद-चौराहों पर पुलिस तैनात
Lockdown Again in UP प्रतिबंध के दूसरे दिन बंदी का पालन कराने के लिए सक्रिय रहीं टीमें।
लखनऊ, जेएनएन। Lockdown Again in UP : लॉकडाउन...हमने पहली बार ये शब्द सुना था। तब इसके बारे में कोई जानकारी भी नहीं थी। यह कैसे संभव होगा, क्या दुश्वारियां सामने आएंगी। अब तीन लॉकडाउन गुजार चुकने के बाद हम इसके बारे में बहुत अच्छे से जानने समझने लगे हैं। वजह कोरोना का बढ़ता खौफ हो या लोगों में आई जागरूकता...शनिवार से लागू हुए प्रतिबंध का असर वीकेंड डे यानी रविवार को भी नजर आया।
चूंकि प्रतिबंध के बारे में पहले ही जानकारी थी, लिहाजा लोगों ने जरूरत का सामान भी पहले से ही ले लिया था। इस वजह से भी सड़कें वीरान रहीं। शहर में बंदी के दौरान हर तरफ पुलिस का कड़ा पहरा रहा। हालांकि हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर अफरातफरी जरूर देखने को मिली।
कोरोना संक्रमण के चलते सरकार द्वारा घोषित की गई रविवार तक की बंदी का असर राजधानी में पूरी तरह दिखाई पड़ा। सड़कों पर पुलिसकर्मी डटे रहे और केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही बाहर निकलने की छूट दी गई। बेवजह बाहर निकलने वालों को पुलिस हर चौराहे चेकिंग कर वापस लौटाती रही।
सड़कों पर जागरूकता संदेश
प्रतिबंध के दौरान सड़कों पर जगह-जगह कोरोना महामारी के साथ ही संचारी रोग से बचाव संबंधी जागरूकता संदेश भी लिखे मिले। रकाबगंज चौराहे पर सड़क पर संदेश के जरिए संचारी रोगों से जागरूकता का संदेश दिया गया। ऐसे ही अन्य इलाकों की सड़कों पर जागरूकता संदेश लिखा गया।
बलरामपुर में बंदी को लेकर पुलिस सतर्क
रविवार को दूसरे दिन भी वीर विनय चौराहा , मुख्य बाजार, पीपल तिराहा व भगवतीगंज में दुकानें बंद हैं। सब्जी तक की दुकान नहीं खुली। शहर में हर चौराहे पर पुलिस तैनात की गई है। एएसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि बंदी को लेकर पुलिस सतर्क है। बिना मास्क के बाहर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गोंडा: दुकानें बंद, बाजारों में पसरा सन्नाटा
कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार के 55 घंटे के बंदी के दूसरे दिन भी यहां पर असर दिखाई दे रहा है। दुकानों पर ताले लगे हुए हैं, बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर चौराहे पर पुलिस तैनात है। रविवार को दूसरे दिन भी चौक, रानी बाजार, राधाकुंड, भरत मिलाप चौराहा, पीपल तिराहा, गुड्डूमल तिराहा, बड़गांव में दुकानें बंद हैं। सब्जी तक की दुकान नहीं खुली है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। शहर में हर चौराहे पर पुलिस तैनात की गई है। एएसपी महेंद्र कुमार ने बताया कि बंदी को लेकर पुलिस सतर्क है।
बाराबंकी में दिखा 55 घंटे लॉकडाउन के आदेश का असर
प्रदेश सरकार के 55 घंटे लॉकडाउन के आदेश का असर रविवार को भी दिखा। शहर के धनोखर, छाया चौराहा, बेगमगंज, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर दुकानें बंद रही। मुख्य चौराहों से लेकर बाजार में पुलिस गश्त भी तेज रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर के घंटाघर पर सुबह सब्जी बेचने वालों के ठेले व फुटपाथ पर सब्जी लगाने से खरीदारों की भीड़ रही। घंटाघर से दर्पण के मध्य लोगों की भीड़ दिखी। ग्रामीण क्षेत्र में लॉकडाउन का असर दिखा। मुख्य बाजारों की दुकानें बंद रही।