यूपी मंत्रिमंडल विस्तारः विभीषण और जयचन्द बनेंगे बर्खास्त मंत्री
भारतीय जनता पार्टी को विश्वास है कि सूबे के बर्खास्त मंत्री वर्ष-2017 के विधानसभा चुनाव में विभीषण व जयचन्द बनेंगे। मंत्रिमंडल से निकाले गए मंत्री बगावत कर भाजपा को फायदा पहुंचाएंगे। पार्टी ने अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल को धोखा बताते हुए इसे सामाजिक समीकरण दुरूस्त करने की
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी को विश्वास है कि सूबे के बर्खास्त मंत्री वर्ष-2017 के विधानसभा चुनाव में विभीषण व जयचन्द बनेंगे। मंत्रिमंडल से निकाले गए मंत्री बगावत कर भाजपा को फायदा पहुंचाएंगे। पार्टी ने अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल को धोखा बताते हुए इसे सामाजिक समीकरण दुरूस्त करने की कवायद करार दिया। साथ वाजपेयी ने मंत्रिमंडल के शपथग्रहण समारोह के दौरान राष्ट्रगान बीच में रोके जाने को गलत बताया।
खोदा पहाड़ निकली चुहिया
आज पहले वाराणसी में संसदीय कार्यालय और फिर भारतीय शिक्षा मंदिर में मीडिया से मुखातिब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मुख्यमंत्री की पूरी कवायद को खोदा पहाड़ निकली चुहिया करार दिया। कहा कि मुख्यमन्त्री सांप छछून्दर की स्थिति में पहुंच गए हैं। तभी तो घोटाले के आरोपी गायत्री प्रजापति और पत्रकार हत्याकाण्ड के आरोपी राममूर्ति वर्मा को नहीं हटाया गया। 60 सेकेंड में 65 गाली देने वाले पण्डित सिंह को पुचकारा जा रहा है। तोता राम और आजम खान जैसे लोगों के मंत्रिमंडल में बने रहने पर भी सवाल उठाया। कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पता चल जाएगा कि कौन विभीषण होगा और कौन जयचन्द। यह फेरबदल सरकार की छवि सुधारने के लिए नहीं सामाजिक समीकरण ठीक करने के लिए हुआ है।
सीएम पर उठाया सवाल
वाजपेयी ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने पर भी सवाल उठाया। बोले अगर मंत्रिमंडल में यह फेरबदल काबिलियत के आधार पर हुआ है तो मुख्यमंत्री खुद अपने बारे में क्या सोचते हैं क्योंकि गृह मंत्रालय उनके ही पास है और प्रदेश में कानून- व्यवस्था की स्थिति जरुरत से ज्यादा खराब है। सीएम के पास उच्च शिक्षा व कृषि विभाग भी है, जहां कोई काम नहीं हुआ।
सत्ता दुरुपयोग का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर पंचायत चुनाव में सत्ता के दुरूपयोग का भी आरोप लगाया। दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा जिला पंचायत की तीस प्रतिशत सीटों पर सफलता हासिल करेगी।
एसएसपी जवान को भेजे जेल
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि काशी में 5 अक्टूबर को अन्याय प्रतिकार यात्रा में हुए बवाल के दौरान पुलिस के जवानों को वाहनों में आग लगाते समय कैमरे में कैद किया गया। नैतिकता को यह है कि एसएसपी को ऐसे जवानों को गिरफ्तार कर जेल भेज देना चाहिए। संतों व निर्दोषों पर लादे गए मुकदमा तुरंत वापस होने चाहिए। यूपी को सूखाग्रस्त घोषित करने की भी मांग की।
कालाबाजारी रोकी जाए
वाजपेयी ने दाल की कालाबाजारी रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। कहा कि जिन राज्यों में केंद्र सरकार के कहने पर कालाबाजारी को रोकने के लिए छापेमारी की गयी, वहां दाल 150 रुपये किलो बिक रहे हैं।