55 डिग्री तापमान में भी सर्दी का एहसास कराएगी बुलेट ट्रेन
आरडीएसओ में शुरू हुई इंटरनेशनल प्रदर्शनी इनो रेल में जेआर ईस्ट जापान रेलवे कंपनी ई-5 सीरीज की बुलेट ट्रेन के मॉडल को लगाया गया है।
लखनऊ, (निशांत यादव)। जापान की सबसे आधुनिक ई-5 सीरीज की बुलेट ट्रेन ही मुंबई-अहमदाबाद रूट पर दौड़ेगी। इस बुलेट ट्रेन को जापान में जहां अधिकतम 40 डिग्री तापमान के लिए बनाया गया है। वहीं भारत में यह बुलेट ट्रेन 55 डिग्री तापमान में भी यात्रियों को ठंडक का एहसास कराएगी। आरडीएसओ में शुरू हुई इंटरनेशनल प्रदर्शनी इनो रेल में जेआर ईस्ट जापान रेलवे कंपनी ई-5 सीरीज की बुलेट ट्रेन के मॉडल को लगाया है।
भारत में बुलेट ट्रेन चलाने के लिए स्टडी और डिजाइन का जिम्मा इसी कंपनी को जापान की सरकार ने दिया है। कंपनी ने स्टडी सर्वे कर लिया है। डिजाइन भी तैयार हो गया है। अगले साल से यह काम शुरू हो जाएगा। कंपनी के अधिकारियों की मानें तो वर्ष 2023 में यह बुलेट ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद के बीच दौडऩे लगेगी। जापान में इस समय तीन सीरीज की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है। इसमें ई-5 की अधिकतम गति 320 किलोमीटर प्रतिघंटा है। जबकि ई-6 सीरीज की बुलेट ट्रेन की स्पीड 320 और ई-सात की अधिकतम गति 260 किमी. प्रतिघंटा है।
ये होगी बुलेट ट्रेन की खासियत
- 10 बोगियों की होगी एक बुलेट ट्रेन।
- कुल 253 मीटर होगी ट्रेन की लंबाई।
- 731 यात्री एक साथ कर सकेंगे सफर।
- तीन तरह की होंगी क्लास, सामान्य क्लास आठ बोगियों में सबसे अधिक 658 सीटें, एक बोगी की 55 सीट ग्रीन कार और एक बोगी में 18 सीटें ग्रान क्लास की।
- ट्रेन में व्हीलचेयर यात्रियों के लिए अलग सीट होगी, मल्टीपरपज केबिन,वाशिंग एरिया, टेलीफोन, पुरुष और महिला यात्रियों के लिए बेबी बेड के साथ रेस्ट रूम, शेयर करने वाले रेस्टरूम होंगे।
- टॉप क्लास की हर सीट पर लैपटॉप चार्ज करने के लिए इलेक्ट्रिक प्वाइंट, रीडिंग लाइट, छोटी ट्रे और अटेंडेंट बुलाने के लिए कंट्रोल पैनल होगा।
- मुंबई में पानी के भीतर सुरंग में चलते हुए 15 मीटर नोज कार देगी कम आवाज।
- घुमावदार मोड़ पर भी 320 किमी. की गति बनाए रखेगा टिलटिंग सिस्टम।
- भूकंप जैसी स्थिति में ही जोरदार ब्रेकिंग सिस्टम।