होली पर्व पर राम नगरी में सद्भाव का रंग चटक, साधु-संतों संग इकबाल अंसारी ने उड़ाया गुलाल
अयोध्या में संतों के साथ मस्जिद के पैरोकार रहे मोहम्मद इकबाल अंसारी ने मनाया होली पर्व।
अयोध्या, जेएनएन। रंगों के पर्व होली के मौके पर राम नगरी में सद्भाव का रंग चटक हुआ। मस्जिद के पैरोकार रहे मोहम्मद इकबाल अंसारी के साथ संतों ने होली खेलकर एकता और भाईचारा का संदेश दिया। होली का यह रंग रामनगरी में गत सप्ताह से ही बिखरा हुआ था। जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशआचार्य के आश्रम हरिधाम में शनिवार को पहुंचे। इकबाल का फूलों की पंखुड़ी और अबीर से स्वागत हुआ। इकबाल भी पीछे नहीं रहे, उन्होंने भी जगद्गुरु सहित उनके सहयोगियों को जी भर कर गुलाल लगाया। इकबाल के साथ होली का सिलसिला आगे भी बढ़ता गया।
इकबाल ने रामानंद मंदिर पहुंच मणिराम दास जी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास, रामानंद मंदिर के महंत डॉ ममता शास्त्री हनुमानगढ़ी से जुड़े युवा भाजपा नेता राजू दास के साथ सद्भाव की होली खेली। साथ ही कहा कि यहां सभी संप्रदायों के रंग शामिल हैं। सोमवार को इकबाल मणिराम दास जी की छावनी पहुंचे, यहां उन्होंने महंत परमहंस दास एवं रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास सहित दशरथ गद्दी के महंत बृजमोहन दास के साथ होली का जश्न मनाया। संतों ने इकबाल के साथ पूरे चाव से होली की गुजिया भी खाई।
बता दें, रामनगरी में मंदिर-मस्जिद विवाद खत्म होने के बाद यह पहली होली थी। इकबाल अंसारी ने कहा कि होली के त्योहार पर यहां से सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश पूरी दुनिया में जाना चाहिए।