गोमतीनगर गोलीकांड: इस बात से खफा होकर पति ने चलाई थी गोली, 11 साल की बेटी ने बताई पूरी कहानी Lucknow News
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट का मामला है। युवक ने सास को गोली मारने के बाद कनपटी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर रख दबाया ट्रीगर।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के अलकनंदा अपार्टमेंट में युवक अभिषेक के अपनी सास को गोली मारने के बाद खुद को शूट करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की 11 साल की बेटी ने पिता की हकीकत बयां की है। झगड़े के बाद पत्नी अपनी मां को बुला लाई। इससे नाराज होकर युवक ने सास पर अंधाधुध फायर करना शुरू कर दिया था। इसके बाद खुद को शूट किया।
...और पापा ने सिर पर मार ली गोली
मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया - ''पापा आए दिन शराब पीकर मम्मी से झगड़ते थे। इसबार भी उन्होंने ऐसा ही किया। काफी झगड़ा होने के बाद मम्मी और घर में काम करने वाली नौकरानी फ्लैट से नाचे चली गईं। करीब एक घंटे के बाद मम्मी, नानी चंदा देवी मामी और नौकरानी को लेकर आईं। इसपर पापा गुस्से में चिल्लाने लगे कि आ गए सब और लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर करने लगे। एक दो बार इधर- उधर फायर करने के बाद अपने सिर पर रिवॉल्वर सटाकर गोली मार ली।''
इस बात से था खफा पति
मामला गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट के क्यू ब्लॉक में फ्लैट नंबर 503 का है। यहां के निवासी अभिषेक सिंह (27) पुत्र अनिल सिंह अपनी पत्नी प्रज्ञा व 11 साल की बेटी के साथ रहते थे। शनिवार (सात सितंबर) की देर रात करीब 1:30 बजे किसी बात पर पति और पत्नी का झगड़ा हुआ। उसने पत्नी को मारना-पीटना शुरू किया। इसपर पत्नी अपनी मां चंदा देवी (56) को बुला लाई। इस बात से नाराज पति ने घर में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर से इधर- उधर फायर करना शुरू कर दिया। पत्नी की मां चंदा देवी ने बताया कि बेटी के बुलाने पर मैं अपनी बहू के साथ उसके घर पहुंची थी। तभी बेटी के पति ने अंधाधुध फायर करना शुरू कर दिया। घटना में मुझे पेट में गोली लगी। इसके बाद अपनी कनपटी पर रिवॉल्वर सटाकर गोली मार ली। घटना में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई थी। ट्रामा सेंटर में चंदा देवी का इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।