लखनऊ : Covid-19 की जांच के लिए अब नहीं होगी परेशानी, एप बताएगा आपके नजदीक कहां है जांच सेंटर
लक्षण दिखने पर मरीज एक लैब से दूसरे में भटकते हैं। इससे न सिर्फ व्यक्ति परेशान हो रहा है बल्कि अनजाने में कइयों को संक्रमण भी बांट दे रहा है। लिहाजा शहर में संक्रमण ब्रेक करना चुनौती बन रहा है।
लखनऊ, [संदीप पांडेय]। कोरोना जांच के लिए आपको भटकना नहीं होगा। मोबाइल पर ही घर के बगल की लैब का पता चल जाएगा। जल्द ही सरकार 'मेरा कोविड सेंटर' एप लांच करने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग मरीज के संपर्क में आए व्यक्तियों का घर से सैंपल जुटा रहा है। वहीं तमाम लक्षण होने पर एक लैब से दूसरे में भटकते हैं। इससे न सिर्फ व्यक्ति परेशान हो रहा है, बल्कि अनजाने में कइयों को संक्रमण भी बांट दे रहा है। लिहाजा शहर में संक्रमण ब्रेक करना चुनौती बन रहा है। लिहाजा कोरोना जांच के लिए मूवमेंट कम करने पर फोकस किया जाएगा। सरकार राज्य में 'मेरा कोविड सेंटर एप’ लांच करने जा रही है। इसमें हर जनपद की लैब, सैंपल कलेक्शन सेंटर की जानकारी होगी।
गूगल मैप से लोकेशन
एसीएमओ डॉ. एमएके सिंह के मुताबिक एप गूगल मैप बेस्ड होगा। व्यक्ति के नजदीकी लैब पर क्लिक करते ही लोकेशन रीड कर लेगा। इससे घर व लैब के बीच की दूरी भी बता देगा। साथ ही लैब का रूट भी मोबाइल की स्क्रीन पर होगा। ऐसा होने से मरीज को बेवजह भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा। वहीं तय समय पर पहुंचने पर अस्पताल व लैब का स्टाफ भी जांच के लिए आनाकानी नहीं कर सकेगा।
सरकारी लैब का होगा ब्योरा
शहर में 10 के करीब निजी लैब व सैंपल कलेक्शन सेंटर हैं। मगर, एप पर सिर्फ सरकारी लैब के लिए होगा। राजधानी में एंटीजेन व आरटीसीआर के जांच के लिए कुल 26 सरकारी सेंटर हैं। वहीं एंटीजेन रैपिड किट से टेस्ट करने वाले सेंटर आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भी सैंपल संग्रह कर लेंगे। वह खुद लैब भेज देंगे। ऐसे में आरटीपीसीआर के लिए दूसरी लैब व्यक्ति को नहीं जाना होगा। एप को अपडेट रखने के लिए हर जनपद में एसीएमओ नोडल ऑफीसर होंगे।