बहराइच में भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर बदमाशों का धावा, आठ लाख की चोरी कर हुए फरार
थाने की बाउंड्री से सटे भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर मंगलवार की शाम दीवार फांद कर घुसे चोरों ने नकदी समेत आठ लाख का माल पार कर दिया। सभी जेवरात भी चोर उठा ले गए। बूथ अध्यक्ष का परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहराइच शहर गया था।
बहराइच, संवाद सूत्र। थाने की बाउंड्री से सटे भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर मंगलवार की शाम दीवार फांद कर घुसे चोरों ने नकदी समेत आठ लाख का माल पार कर दिया। सोने-चांदी के जेवरात भी चोर उठा ले गए। बूथ अध्यक्ष का परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहराइच शहर गया था। वापस घर लौटने पर सामान बिखरा मिला। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बूथ अध्यक्ष की तहरीर पर फखरपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
फखरपुर थाने की बाउंड्री से लगा हुआ घासीपुर के भाजपा बूथ अध्यक्ष साकेत गुप्त का मकान है। उन्होंने बताया कि परिवार के साथ वह अपने चाचा के लड़के की शादी में शामिल होने के लिए बहराइच शहर गए हुए थे। इसी बीच मौका पाकर अज्ञात चोर दीवार फांद कर घर के कमरे में दाखिल हो गए। अलमारी का लाकर तोड़ कर उसमें रखे 32 व 35 ग्राम के दो हार, आठ ग्राम की कान की झुमकी, पांच जोड़ी पायल, चार टप, कमर पेटी, अंगूठी व 19 हजार नकदी समेत करीब आठ लाख के सामान चोरी कर ले गए। रात करीब दो बजे घर पहुंचने पर स्वजन ने बिखरा सामान देखा। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को उनकी तिलक व 23 जनवरी को शादी है। इसके लिए भी सामान घर में रखा था।
भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने बताया कि थाने से सटा हुआ बूथ अध्यक्ष का घर है। घर के सामने आर्यावर्त बैंक है, जहां पुलिस मौजूद रहती है। बावजूद इसके चोरी होना पुलिस को चुनौती देने से कम नहीं हैं। उन्होंने थानाध्यक्ष फखरपुर के रवैये पर असंतोष जाहिर किया। उनका कहना है कि पुलिस अधीक्षक अपने स्तर से इस प्रकरण की जांच कराकर खुलासा कराएं। सीओ कैसरगंज कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि फखरपुर पुलिस से बात कर जल्द चोरी के मामले के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।