LDA के जेई और कर्मचारियों की बिल्डर से मिलीभगत, अवैध शॉपिंग मॉल को बताया सही Lucknow News
संयुक्त सचिव ऋतु सुहास के मुआयने में मिलीभगत का राजफाश। लखनऊ के शॉङ्क्षपग मॉल का नक्शा पास न होने के बावजूद एक नोटिस तक तामील नहीं किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। कानपुर रोड पर एलडीए के जेई विनोद शंकर सिंह और अन्य कर्मचारी मिलकर अवैध निर्माण करा रहे हैं। इस बात का खुलासा संयुक्त सचिव ऋतु सुहास के मौका मुआयने में मंगलवार को हुआ।सेक्टर जी में जहां एक ओर पड़ोस में निर्माणाधीन भूखंडों को अवैध निर्माण संबंधी नोटिस दिया गया है, वहीं दूसरी ओर एक बड़े शॉपिंग मॉल का नक्शा पास न होने के बावजूद एक नोटिस तक तामील नहीं किया गया।
ये है मामला
यहां स्थित भूखंड संख्या बी-18 और 19 में अवैध निर्माण का नोटिस दिया गया, मगर बी-16 को नोटिस नहीं दिया गया। मौके पर तीन हजार वर्ग फीट में शॉपिंग मॉल का निर्माण जारी है। फाल सीलिंग और वायरिंग का काम होता मिला। यहां लिफ्ट भी लगाई गई है, जिसको ताजा नोटिस देने का आदेश दिया गया है।
अब सील होगा शॉपिंग मॉल
यही नहीं, बी-18 को नोटिस के बाद सील करने का आदेश दिया गया है। चंदन लाल के इस निर्माण को सचिव संयुक्त सचिव ऋतु सुहास ने सील करने का आदेश दिया है। साथ ही जेई विनोद शंकर सिंह और पेशकार राजेश कुमार गौतम, रामअभिलाष यादव और राकेश शुक्ला पर कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में नोटिस दिया गया है।
दूसरी ओर, अमीनाबाद के गणोशगंज में 133-301 यश कलेक्शन के तार पर एक अवैध निर्माण को ठीक से न ढहाए जाने के मामले में भी जेई अनिल कुमार सचान को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। यहां छोटे अवैध निर्माण में केवल छज्जा तोड़कर इतिश्री की गई थी, मगर शिकायत के बाद एक बार फिर मौके को परखा गया। नए सिरे से ध्वस्तीकरण करने और संबंधित अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है।
कैसरबाग में भी बड़ा अवैध निर्माण होगा सील
कैसरबाग में राजेंद्र कुमार गोला के गुड बेकरी के आगे कैंट रोड पर किये जा रहे अवैध निर्माण को सील करने का आदेश दिया गया है। यहां दो हजार वर्ग फीट में बेसमेंट खोदने के बाद कॉलम खड़े किये जा रहे थे। शटरिंग भी लगाई जा रही थी।