रात में पत्नी से विवाद, सुबह पेड़ से लटका मिला पति का शव- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया का मामला है। कई महीने से दंपति में अनबन चल रही थी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में लगी है।
बहराइच, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बहराइच में बुधवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे से लटका मिला। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस का कहना है कि बीती शाम दंपति में विवाद हुआ था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया का है। यहां के निवासी जयप्रकाश की कई महीनों से अपनी पत्नी से अनबन थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद वह घर से बाहर चला आया। पूरी रात वो घर वापस नहीं गया। सुबह गांव से एक किलोमीटर दूर चकिया रेंज के पड़रिया वन बीट में पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका शव ग्रामीणों ने देखा। जयप्रकाश की मौत की सूचना परिवारजनों को मिली तो पत्नी व बच्चे बिलखते हुए पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि जयप्रकाश शराब का आदी था। हालांकि, मौका-ए-वारदात की स्थिति देखकर लोग हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई जा रही है। एसओ जयनारायण शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।