Hunar Haat Exhibition in Lucknow: अवध शिल्प ग्राम में पहुंचे 75 जिलों के कारीगर और शिल्पकार
उत्तर प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवध शिल्पग्राम में 23 से शुरू हुए हुनर हाट में घरेलू उत्पादों के साथ ही जिलों के विशेष उत्पाद सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
लखनऊ, [जितेंद्र उपाध्याय]। कला, संस्कति, संगीत और विरासत को अपने आंचल में समेटे यूपी दिवस के तहत आयोजित हुनर हाट में हुनर की प्रदर्शनी लगी है। शहीद पथ के अवध शिल्पग्राम में लगी प्रदर्शिनी में शिल्पकार अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊवासियों संग दूसरे प्रदेशों के कलाप्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित कर रह हैंं। ‘वोकल फॉर लोकल’ की थीम पर आयोजित होने वाले ‘हुनर हाट’ में 75 जिलों के बेहतरीन कारीगर और शिल्पकार अपने हुनर से सभी का दिल जीतने को तैयार हैं। बदलते उत्तर प्रदेश की झलक लिए इस हुनर हाट में 500 से अधिक कारीगर और शिल्पकार हिस्सा ले रहे हैं।
प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवध शिल्पग्राम में 23 से शुरू हुए हुनर हाट में घरेलू उत्पादों के साथ ही जिलों के विशेष उत्पाद सभी को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। विशेष पांरपरिक परिधान और सजावटी सामान लोगों को अपनी ओर खीचने को तैयार हैं। संस्कृति और विरासत को समेटे यहां बनाए गए सेल्फी कार्नर भी सभी को आकर्षित करेंगे।
चित्रकला प्रदर्शनी में दिखेगी मिशन शक्ति की झलक
राज्य ललित कला अकादमी की ओर से यूपी दिवस के अवसर पर हुनर हाट में तीन दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत लगने वाली चित्रकला प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण की झलक कलाप्रेमियों को देखने को मिलेगी।
प्रदर्शनी के तहत महिला चित्रकारों द्वारा सृजित 45 पेंटिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। अकादमी के सचिव यशवंत सिंह राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वृहद मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने संग उनके कदमों को विकास पथ पर बढ़ाया है। ऐसे में प्रदेश के इस वृहद अभियान की झलक हुनर हाट में भी लोगों को देखने को मिलेगी। महिला चित्रकारों द्वारा तैयार पेंटिंग की ये प्रदर्शनी मिशन शक्ति मुहिम को बढ़ावा देगी।
गीत-संगीत से गुलजार रहेगा हुनर हाट
हुनर हाट की शाम गीत-संगीत से सजी नजर आएगी। लोककलाकारों के साथ देश के जाने माने गायक अपने सुरों से सभी को कायल करेंगें। कैलाश खेर, विनोद राठौड़ समेत अन्य कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगे।