Home Guard Salary Scam : सीएम योगी आदित्यनाथ के तेवर सख्त- जिला कमांडेंट लखनऊ कृपा शंकर पाण्डेय गिरफ्तार
फर्जी कागजात तैयार कर होमगार्ड का वेतन हड़पने के घोटाले में गोमती नगर थाना में केस पंजीकृत कर गुरुवार सुबह लखनऊ के जिला कमांडेंट कृपा शंकर पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के वेतन घोटाला को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के तेवर सख्त होने के बाद शासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को अलीगढ़ के बाद गुरुवार को लखनऊ में जिला कमांडेंट को गिरफ्तार किया गया है। होमगार्डों का वेतन घोटाला में कार्रवाई ने गति पकड़ ली है।
फर्जी कागजात तैयार कर होमगार्ड का वेतन हड़पने के बड़े घोटाले में बुधवार देर रात गोमती नगर थाना में केस पंजीकृत कर गुरुवार सुबह लखनऊ के जिला कमांडेंट कृपा शंकर पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी कागज तैयार कर होम गार्डों का वेतन हड़पने के मामले में लखनऊ थाना गोमतीनगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इनके ऊपर फर्जी ड्यूटी लगाकर सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप है। यह मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर बेहद सख्त हैं।
अलीगढ़ के बाद लखनऊ का मामला खुलने के बाद थाना गोमतीनगर में मुकदमा पंजीकृत करने के बाद जिला कमांडेंट कृपा शंकर पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है। कमांडेंट कृपा शंकर पाण्डेय ने गुडंबा थाने में सिर्फ जुलाई, अगस्त के महीने में 5 लाख का गबन किया। जांच में पता चला कि सिर्फ 9 होमगार्ड ड्यूटी कर रहे थे और 23 होमगार्ड की पेमेंट ली गई। माना जा रहा है कि इस घोटाले की अगर सही से जांच हुई तो इसके दायरे में कई आला अधिकारी भी आएंगे। सरकार का प्रयास पूरे घोटाले के मास्टरमाइंड को सामने लाने का है। फर्जी ड्यूटी लगाकर सरकारी धन की बंदरबांट की गई और वेतन भी पास होता चला गया। फिलहाल तो बड़ी कार्रवाई करते हुए कृपाशंकर पाण्डेय जिला कमांडेंट (होमगार्ड) को गिरफ्तार किया गया है। लखनऊ में होमगार्ड की ड्यूटी लगाने के नाम पर कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर कई गुना वेतन निर्गत किया गया है। इस संबंध में थाना गोमतीनगर में जिला कमांडेंट होमगार्ड कृपा शंकर पाण्डेय के खिलाफ आईपीसी 409 467 468 471 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके बाद आज सुबह उनको गिरफ्तार किया गया है। अब उनको कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि कृपा शंकर पाण्डेय के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। गोमतीनगर थाने में पांडे के खिलाफ अमानत में खयानत धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई। एफआईआर इंस्पेक्टर गुडंबा ने दर्ज कराई। डीजीपी ने बताया कि इस मामले में जो कोई भी शामिल होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में कल पांच अधिकारियों व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी ने बताया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को लेकर काफी सख्त है।
नोएडा में होमगार्ड के वेतन और तैनाती से जुड़े घोटाले के मामले में नोएडा पुलिस ने बुधवार को अलीगढ़ में तैनात डिवीजनल कमांडेंट होमगार्ड्स राम नारायण को गिरफ्तार किया है। राम नारायण की 13 सितंबर को यहां पर ही तैनाती हुई थी। इससे पहले नोएडा में जिला कमांडेंट के पद पर तैनात थे। इसी दौरान घोटाले में शामिल रहे। जिला अस्पताल के पास स्थित उन्हें आवास आवंटित किया गया था। लेकिन राम नारायण आवास में शिफ्ट नहीं हुए थे। गेस्ट हाउस में रह रहे थे। जहां से सुबह सिविल ड्रेस में आई क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तारी की है।
नोएडा में भी हुईं गिरफ्तारी
नोएडा में फर्जी मस्टररोल तैयार कर गौतमबुद्धनगर में होमगार्डों के वेतन में हुए लाखों के घोटाले की जांच के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। होमगार्ड वेतन घोटाले में चार बड़ी गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें एडीसी सतीश, 2 प्लाटून कमांडर शैलेन्द्र, मोंटू और सतवीर और तत्कालीन होमगार्ड कमाण्डेंट गिरफ्तार हुए हैं।