History Sheeter Vikas Dubey: मां ने कहा, 'मार दो उसको, शक्ल भी नहीं देखूंगी'
पुलिस ने विकास दुबे के छोटे भाई की पत्नी और भांजी को हिरासत में लिया। मां ने कहा कई बार समझाया पर एक न सुनी मेरी।
लखनऊ, जेएनएन। आरोपित विकास दुबे की मां सरला छोटे बेटे दीप प्रकाश के साथ लखनऊ में रहती हैं। सरला को जब विकास की करतूत पता चली तो कुछ देर के लिए वह खामोश हो गईं। चेहरे पर तनाव की लकीरें स्पष्ट नजर आ रही थीं। थोड़ी देर तक वह भावुक रहीं और फिर अचानक बोल पड़ीं, कितनी बार समझाया था उसको, लेकिन उसने मेरी एक न सुनी। अब विकास मर भी जाए तो मुझे इसका गम नहीं है।
बुजुर्ग सरला अपने बिस्तर पर लेटी हुई थीं। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने बताया कि सुबह से पुलिस का आना-जाना लगा है। दीप प्रकाश पैदल ही घर से निकल गया। विकास के कारण पूरा परिवार परेशानी झेल रहा है। पुलिस विकास की पत्नी अंजली और उसकी भांजी को अपने साथ लेकर चली गई। अंजली का इन सबसे कोई संबंध नहीं है। अंजली ने ग्राम प्रधान के तौर पर बेहतर काम किया था और उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम पुरस्कृत कर चुके हैं। सरला के मुताबिक उनके पति गांव में ही रहते हैं और लंबे अरसे से उनकी उनसे मुलाकात नहीं हुई है।
चार माह पहले हुई थी विकास से मुलाकात
सरला ने बताया कि करीब चार माह पहले विकास लखनऊ आया था तो उनकी मुलाकात हुई थी। कोरोना के कारण वह लॉकडाउन में राजधानी नहीं आया था। उधर, पड़ोसियों का कहना है कि विकास के इंद्रलोक कॉलोनी स्थित मकान में महेश नाम का नौकर रहता था। घर में काम करने वाली नौकरानी मालती भी गुरुवार शाम को आई थी। विकास की पत्नी शुक्रवार तड़के घर से बच्चों को लेकर निकली है। पुलिस की टीमें परिवार के अन्य सदस्यों से विकास के बारे में पता लगा रही हैं।