यूपी दिवस पर 16 खिलाडिय़ों को मिलेगा उत्तर प्रदेश का सर्वोच्च सम्मान
प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी यूपी दिवस के अवसर पर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ खेल सम्मान से उभरते सितारों को सम्मानित किया जाएगा।
लखनऊ, जेएनएन। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी यूपी दिवस के अवसर पर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ खेल सम्मान से उभरते सितारों को सम्मानित किया जाएगा। मंगलवार को खेल विभाग ने वर्ष 2017-18 के लिए लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड के लिए 16 खिलाडिय़ों की सूची जारी कर दी है। पुरुष वर्ग में दो वेटरन और महिला वर्ग में एक वेटरन खिलाड़ी को नामित किया गया है, जिसमें लखनऊ की पूर्व महिला हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट का नाम भी शामिल है।
शहीद पथ स्थित अवध शिल्पग्राम में 24 जनवरी को होने वाले इस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नामित खिलाडिय़ों को लक्ष्मण व रानी लक्ष्मीबाई की कांस्य प्रतिमा के अलावा तीन लाख ग्यारह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करेंगे। इस संबंध में खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि प्रदेश के सबसे बड़े खेल सम्मान के लिए चयन में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। जिनको नामित किया गया है, वे सभी खिलाड़ी इस पुरस्कार के हकदार हैं। उन्होंने बताया कि नामित किए गए खिलाडिय़ों को सूचित कर दिया गया है, शबई बुधवार को लखनऊ पहुंचेंगे। इस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी के अलावा राज्यपाल राम नाईक, खेलमंत्री चेतन चौहान, राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी समेत कई अन्य भी मौजूद रहेंगे।
ये होंगे सम्मानित
लक्ष्मण पुरस्कार (सामान्य वर्ग पुरुष)- ललित उपाध्याय (हॉकी, वाराणसी), संदीप तोमर (कुश्ती, वाराणसी), शार्दुल विहान (निशानेबाजी, मेरठ), विजय यादव (जूडो, वाराणसी), अजय कुमार सरोज (एथलेटिक्स, प्रयागराज), आशीष कुमार (जिम्नाटिक, प्रयागराज)।
लक्ष्मण पुरस्कार (वेटरन वर्ग)- अब्दुल अजीज (हॉकी, झांसी), अमरीश कुमार (एथलेटिक्स, हापुड़),
रानी लक्ष्मीबाई (सामान्य महिला)- दिव्या काकरान (कुश्ती, मुजफ्फरनगर), स्वाति सिंह (भारोत्तोलन, वाराणसी), रितिका सिंह (तीरंदाजी, बागपत), अन्नू रानी (एथलेटिक्स, मेरठ), नमिता सेठ (सॉफ्ट टेनिस, प्रयागराज), विशाखा मलिक (वुशू, मेरठ), तेजस्वनी सिंह (हैंडबॉल, प्रयागराज)।
रानी लक्ष्मीबाई (वेटरन, महिला)- मंजू बिष्ट (हॉकी, लखनऊ)