Corona Vaccination in UP: गौतमबुद्ध नगर में सर्वाधिक और प्रयागराज में लगे सबसे कम टीके, यहां देखें लखनऊ की स्थिति
यूपी में कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में गौतमबुद्धनगर अव्वल और प्रयागराज फिसड्डी है। बलिया बदायूं और सोनभद्र भी वैक्सीन लगाने के मामले में पीछे हैं। प्रदेश में अब तक कुल 7.69 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। यूपी में कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में गौतमबुद्धनगर अव्वल और प्रयागराज फिसड्डी है। बलिया, बदायूं और सोनभद्र भी वैक्सीन लगाने के मामले में पीछे हैं। प्रदेश में अब तक कुल 7.69 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। इसमें 6.45 करोड़ को वैक्सीन की पहली और 1.23 करोड़ को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। गौतमबुद्धनगर में 15.9 लाख लोगों को वैक्सीन की दो-दो डोज लगनी हैं। यानी कुल करीब 32 लाख टीके लगाए जाने हैं। यहां अब तक 21 लाख लोगों ने टीके की पहली व दूसरी डोज लगवा ली है। यानी सभी लाभार्थियों ने कम से कम एक टीका और करीब पांच लाख लोगों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवाई हैं।
उधर, गाजियाबाद में 27.58 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है, जिसमें से 20.79 लाख लोग ही अब तक टीकाकरण केंद्रों में पहुंचे हैं। इसी तरह तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा टीके बागपत में लगाए गए हैं। बागपत में 9.56 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है, जिसमें 6.69 लाख लोगों ने टीके लगवाए हैं। चौथे नंबर पर महोबा में 6.64 लाख लोगों को टीका लगाया जाना है, जिसमें 4.27 लाख लोग टीका लगवाने पहुंचे हैं। पांचवें नंबर पर लखनऊ में 28.15 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। यहां 18 वर्ष से अधिक उम्र के 38.22 लाख लोगों को टीके लगाए जाने हैं। टीकाकरण अभियान में पीछे चल रहे जिलों में प्रयागराज सबसे फिसड्डी है। यहां 46 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है और अब तक टीकाकरण केंद्रों तक केवल 19.05 लाख लोग ही पहुंचे हैं।
बलिया में 25 लाख लोगों को टीका लगाया जाना है, जिसमें 9.83 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। इसी तरह बदायूं में 23.5 लाख वैक्सीन लगाई जानी है। यहां भी 9.28 लाख लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई है। इसी तरह सोनभद्र में 13.86 लाख में से 5.59 लाख लोगों ने टीके लगवाए हैं। वहीं संभल में 15.45 लाख लोगों में से वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगवाने के लिए 6.14 लाख लोग ही टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचे हैं। इसे देखते हुए राज्य टीकाकरण अधिकारी डा.अजय घई की ओर से टीकाकरण अभियान में पीछे चल रहे जिलों के सीएमओ को पत्र लिखकर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।