Move to Jagran APP

Holi 2019: लखनऊ में 21 को दो बजे तक पेट्रोल पंप बंद, फ्लाइट-ट्रेनें-बसें सब फुल

लखनऊ मेल शताब्दी व काशी में लंबी वेटिंग दिल्ली मुंबई जाने वाले विमानों में रही मारामारी। 20 और 21 को नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान बंद रहेगा। होली के दिन दोपहर ढाई बजे से चलेगी मेट्रो।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Wed, 20 Mar 2019 11:51 AM (IST)Updated: Wed, 20 Mar 2019 11:51 AM (IST)
Holi 2019: लखनऊ में 21 को दो बजे तक पेट्रोल पंप बंद, फ्लाइट-ट्रेनें-बसें सब फुल
Holi 2019: लखनऊ में 21 को दो बजे तक पेट्रोल पंप बंद, फ्लाइट-ट्रेनें-बसें सब फुल

लखनऊ, जेएनएन। होली में घर जाने वालों की लंबी भीड़ से फ्लाइट जहां पहले ही पैक हो चुकी थी, वहीं ट्रेनों के आरक्षित कोचों में वेटिंग वाले यात्रियों ने परिवार के साथ खड़े होकर सफर किया। वहीं, होली को लेकर लखनऊ में 21 मार्च को पेट्रोल पंप दो बजे तक बंद रहेंगे। इसके साथ से ही मेट्रो का संचालन दोपहर 2:30 बजे से होगा, जो रात दस बजे तक चलेगा। रंग से रंगे हैं तो मेट्रो में सफर नहीं कर सकेंगे। 

loksabha election banner

दो मिनट में फुल तत्काल की बर्थ 

मंगलवार की सुबह तत्काल की बर्थ दो मिनट में फुल हो गई। उधर, स्लीपर बसों में कई यात्रियों को टिकट ही नहीं मिले, जबकि दिल्ली, गोरखपुर, बनारस, प्रयागराज, बरेली जाने वाली बसों में लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। 

 

होली से दो दिन पहले से ही लगे विमान किराए को पंख  

होली से दो दिन पहले विमानों का किराया आसमान पर पहुंच गया था। मुंबई का किराया चालीस हजार तक पहुंच गया। वहीं, दिल्ली का किराया भी 18 हजार तक रहा। एयरलाइंस के मुताबिक शाम को पीक टाइम होने के कारण डिमांड ज्यादा रही। वहीं दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता व बेंगलुरु से लखनऊ आने वाले विमानों का किराया भी सामान्य दिनों की तुलना में छह से आठ गुना ज्यादा रहा।

23 व 24 मार्च को लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु के विमानों में फिर मारामारी शुरू होगी। एयरलाइंस के मुताबिक विमानों में अब सीटें नहीं बची है, अब टिकट कैंसल होने पर ही बर्थ खाली हो सकेंगी। उधर दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान से आने आने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रही। इसके अलावा 21 मार्च को दिल्ली को जाने वाली अधिकांश ट्रेनें खाली चलेंगी। लखनऊ मेल, स्वर्ण शताब्दी, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस के अलग-अलग श्रेणियों में बर्थ खाली हैं।

दो बजे तक बंद रहेंगे पेट्रोल पंप

होली के दिन यानी 21 मार्च को लखनऊ में पेट्रोल पंप सुबह छह से दोपहर दो बजे तक और शराब की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक आदेश का उल्लंघन करने वालें का ठेका निरस्त कर दिया जाएगा।

मौसम देगा साथ, होली पर निकलेगी चटख धूप

होली खेलने में मौसम आपका साथ देगा। चटख धूप से तापमान सामान्य हो जाएगा, जिससे भीगने पर ठंड का अहसास नहीं होगा। दरअसल, सुबह-शाम अब भी मौसम में ठंडक है, जिससे होली खेलने के शौकीनों का उत्साह कुछ ढीला है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो होली के दिन मौसम साथ देगा। तापमान सामान्य रहेगा, जिससे लोग रंग खेल सकेंगे। मंगलवार को तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 31.1 व न्यूनतम तापमान 14.6 रिकॉर्ड किया गया।

 

बस स्टेशनों पर भारी भीड़

परिवहन निगम के आलमबाग, चारबाग और कैसरबाग बस स्टेशनों पर दोपहर बाद भारी भीड़ नजर आई। हाल यह रहा कि लोग अपने बच्चों को खिड़की से प्रवेश दिलाते नजर आए। रोडवेज प्रशासन ने 75 से अधिक बसों का अतिरिक्त संचालन किया। बावजूद इसके तीनों बस स्टेशनों पर भीड़ दिखी। आलमबाग टर्मिनल से लग्जरी सेवाओं का संचालन किया गया। स्लीपर कोच, वोल्वो, स्कैनिया सरीखी सेवाएं फुल रहीं। साधारण सेवाओं में भी भारी भीड़ रही। लोगों ने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सीट न मिलने की दशा में खड़े होकर ही सफर किया। आलमबाग टर्मिनल, चारबाग और कैसरबाग में हालात ऐसे थे कि लोग खिड़की से अपना लगेज और बच्चे अंदर प्रवेश कर रहे थे। सिर्फ पुरुष ही नहीं महिलाएं भी सीट पाने के लिए इसी तरह का जुगाड़ करतीं नजर आईं।

बंद रहेगा चिड़ियाघर

होली की वजह से बुधवार व गुरुवार को दोनों ही दिन नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान बंद रहेगा। यह जानकारी प्राणि उद्यान के निदेशक आरके सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि दर्शकों के लिए शुक्रवार से प्राणि उद्यान खुलेगा।

होली के दिन दोपहर ढाई बजे से चलेगी मेट्रो

होली से पहले और होली के दिन मेट्रो प्रशासन ने नार्थ साउथ कॉरिडोर के सभी 21 स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। स्टेशनों व मेट्रो के भीतर होली खेलना प्रतिबंधित है। वहीं सफर के दौरान अगर आप रंग से रंगे हैं तो मेट्रो में सफर नहीं कर सकेंगे। यही नहीं अपने साथ रंग लेकर भी सफर नहीं कर सकते। यह गाइड लाइन एलएमआरसी ने मंगलवार को जारी की है। हर स्टेशन पर सीसी कैमरों की मदद से भी कंट्रोल रूम में बैठा कर्मी नजर रखेगा। वहीं 21 मार्च को होली का संचालन दोपहर 2:30 बजे से होगा, जो रात दस बजे तक चलेगा।

मेट्रो से जाएं होली मिलने

अगर आप एयरपोर्ट के पास रहते हैं और आपके रिश्तेदार इंदिरा नगर या फिर किसी अन्य मेट्रो स्टेशन के आसपास रहते हैं तो आप भी मेट्रो के जरिए पहुंच सकते हैं। फुल सेक्शन शुरू होने से मेट्रो का सफर कुल 23 किमी हो गया है। आप भी होली के दिन त्योहार व पिकनिक दोनों का आंनद ले सकते हैं। लखनऊ मेट्रो ने 22 से 24 मार्च तक मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मी तैनात किए हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

 

डीजे पर नहीं बजेंगे अश्लील गाने

चुनाव के माहौल में आचार संहिता के बीच इस बार की होली कुछ खास है। राजनीतिक पार्टियों के अलावा, पुलिस-प्रशासन और चुनाव आयोग की भी इस पर विशेष नजर है। एसएसपी कलानिधि नैथानी के मुताबिक चुनाव नजदीक हैं। सभी थाना प्रभारियों ने डीजे वालों के साथ बैठक कर ली है। आपत्तिजनक गाने बजाने से डीजे वालों को मना किया गया है। राजधानी में कुल 2880 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विवादित स्थलों पर कुल 24 गारद तैनात किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर एलआइयू की 14 टीमें मुस्तैद रहेंगी। शहरी क्षेत्र में 1809 और देहात में 1071 होलिका दहन स्थल हैं। सुरक्षा के लिहाज से 15 अस्पताल भी चिह्न्ति कर एसएसपी ने वहां पर सुरक्षाकर्मी तैनात करने की व्यवस्था की है।

 

अस्पतालों में हाफ डे, संस्थानों में फुल डे होगी ओपीडी

बलरामपुर, लोहिया, लोकबंधु, सिविल और रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल समेत सीएचसी व पीएचसी में बुधवार को हाफ डे ओपीडी रहेगी। वहीं पीजीआइ, केजीएमयू और लोहिया संस्थान में फुल डे ओपीडी चलेगी। गुरुवार को सभी जगह इमरजेंसी ओपीडी चलेगी।

 

ये है इमरजेंसी नंबर

  • सिविल अस्पताल : 2239007, 9415117798
  • बलरामपुर अस्पताल : 2624040, 7408404659 
  • लोहिया अस्पताल : 8004003391 
  • सीएमओ कंट्रोल रूम : 0522-2622080
  • ट्रामा पीआरओ : 9453004209 
  • पीजीआइ पीआरओ : 8004904411

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.