Lucknow Weather Update: लखनऊ में मानसून से पहले ही झमाझम बारिश, अगले दो-तीन दिन गर्म होगा मौसम
मौसम केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मौसम में यह बदलाव बीते कुछ दिनों से बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आ रही हवा के चलते हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम साफ रहेगा।
लखनऊ, जेएनएन। मानसून से पहले ही शहर में झमाझम बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई बारिश में कहीं पेड़ गिरे तो कहीं जलभराव हो गया।हालांकि एक घंटे में मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम साफ रहेगा। गुरुवार को सुबह से चटक धूप थी। वायुमंडल में नमी के कारण जबरदस्त उमस भी थी लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और घने काले बादल छा गए कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग आधा घंटा तेज बारिश हुई। कुछ देर के बाद हवा कुछ कम हुई लेकिन बारिश होती रही। लगभग एक घंटा यह सिलसिला चलता रहा। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मौसम में यह बदलाव बीते कुछ दिनों से बंगाल की खाड़ी से नमी लेकरआ रही हवा के चलते हुआ है। वायुमंडल में नमी थी वहीं तापमान में भी वृद्धि हुई जिसके चलते कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया। 25 से 30 किलोमीटर रफ्तार से हवा के साथ बारिश हुई। तेज हवा के चलते राजधानी में कई जगह पेड़ गिर गए व टहनियां टूटी। कई इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ जगह टावर भी गिरे। उन्होंने बताया कि मौसम में अचानक यह बदलाव स्थानीय डेवलपमेंट की वजह से हुआ। लखनऊ और आसपास के क्षेत्र में ही तेज बारिश हुई। प्रदेश में कुछ जगह बौछारें भी पड़ीं। उन्होंने बताया कि मौसम अब साफ हो गया है। अगले दो-तीन दिन तापमान में उत्तरोत्तर वृद्धि होगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रहने की संभावना है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य के करीब था।