Hathras Case News: हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलेंगे डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी व अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी
Hathras Case Newsउत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया हितेश चंद्र अवस्थी तथा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलेंगे। दोनों शीर्ष अधिकारी लखनऊ से हेलिकॉप्टर से हाथरस पहुंचने के बाद बूलगढ़ी गांव जाकर पीडि़त परिवार से मिलेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। हाथरस कांड में शुक्रवार रात एसपी विक्रांत वीर सिंह व सीओ समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया हितेश चंद्र अवस्थी तथा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलेंगे। दोनों शीर्ष अधिकारी लखनऊ से हेलिकॉप्टर से हाथरस पहुंचने के बाद बूलगढ़ी गांव जाकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे।
डीजीपी हितेश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी का आज दिन में करीब 11 बजे हेलिकॉप्टर से हाथरस पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से दोनों अधिकारी मृत युवती के परिवार के लोगों से मिलने उनके गांव बूलगढ़ी भी जाएंगे।
आज पहुंचेगे राहुल गांधी, अखिलेश का कल हाथरस आने का कार्यक्रम
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को हाथरस के बूलगढ़ी गांव जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वहां हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलेंगे। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव पीडि़त परिवार के इंसाफ के लिए कल ही संघर्ष शुरू करेंगे। फिलहाल अखिलेश यादव लंदन में हैं, वह कल लंदन से लौटते ही दिल्ली से ही पीड़ित परिवार से मिलने हाथरस जाएंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथाकथित दुष्कर्म पीड़ित के परिवार से मिलने शनिवार को हाथरस जा सकते हैं। शनिवार दोपहर 1:30 बजे उनका काफिला नोएडा डीएनडी पहुंचेगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए हाथरस जाएगा। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी हाथरस जाने के लिए दिल्ली से रवाना हुए थे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी थे। दिल्ली से निकलने के बाद उनके काफिले ने डीएनडी तो पार कर लिया, लेकिन यमुना एक्सप्रेसवे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद दोनों नेता पैदल ही हाथरस के लिए चल पड़े, जिसके बाद राहुल गांधी की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी को आईपीसी की धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया। इस पूरे मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने कुल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 154 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी व सीओ सहित पांच निलंबित
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर युवती की हत्या की घटना में लचर जांच के दोषी एसपी, हाथरस विक्रांत वीर व तत्कालीन सीओ राम शब्द समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इन सभी को निलंबित करने का फैसला एसआइटी की पहली जांच रिपोर्ट मिलने के बाद किया गया।
इसके साथ ही गुुरुवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंड पीठ ने हाथरस की घटना का स्वत: संज्ञान लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। हाई कोर्ट ने अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी, डीएम हाथरस प्रवीण कुमार व तत्कालीन एसपी विक्रांत वीर को 12 अक्टूबर को तलब किया है।