हरदोई में डांस के दौरान हर्ष फायरिंग, आठ वर्षीय बच्चे की मौत; एक घायल-मुकदमा दर्ज
अन्नप्राशन संस्कार की खुशी में डीजे पर डांस के दौरान हर्ष फायरिंग में एक बच्चे की जान चली गई। जबकि एक बच्चा घायल हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। घायल बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरदोई, जागरण संवाददाता। अन्नप्राशन संस्कार की खुशी में डीजे पर डांस के दौरान हर्ष फायरिंग में एक बच्चे की जान चली गई। जबकि एक बच्चा घायल हो गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। घायल बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव सढ़ीयनपुरवा निवासी शिवराम पुत्र पुत्तीलाल के 9 माह के बेटे का शुक्रवार को अन्नप्राशन था, जिसमें उसने डीजे का आयोजन किया था। रात को डीजे पर नाच हो रहा था। बताते हैं कि करीब 10 बजे शिवराम तमंचे से हर्ष फायरिंग करने लगे।
गोली नाच देख रहे गांव के ही निवासी कमलेश के 8 वर्षीय पुत्र कनिष्क के पेट में लगी। जबकि अर्जुनलाल के 10 वर्षीय बेटे विपिन के हाँथ में गोली का छर्रा धंस गया। दोनों बच्चों को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया। बच्चों को लगने की जानकारी होने पर गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि, इलाजा के दौरान चिकित्सक ने कनिष्क को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक अन्य बालक विपिन की गम्भीर हालत देखकर हरदोई रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पर सीओ विशाल यादव, कोतवाल सुनील कुमार सिंह रात में ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच कर जांच पड़ताल की और आरोपी के घर दबिश भी दी । मृतक के पिता कमलेश ने आरोपी शिवराम उनके पिता पुत्तीलाल के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है। मृतक का चार वर्ष का छोटा भाई है। पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।